Health Alert! ये 5 तरह के दर्द देते हैं ठंड लगने के संकेत, ऐसे करें बचाव

punjabkesari.in Wednesday, Jan 19, 2022 - 04:19 PM (IST)

ठंड लगने से गला खराब होने व नाक बहने के अलावा शरीर के कई हिस्सों में दर्द का एहसास भी होता है। मगर कई बार हम इन लक्षणों को समझ नहीं पाते हैं। ऐसे में समस्या बढ़ने का खतरा रहता है। हेल्थ एक्सपर्ट अनुसार, हमारे गलत लाइफस्टाइल व खानपान के कारण सर्दियों में बॉडी पेन की समस्या बढ़ने लगती है। अपनी इन्हीं खराब आदतों के कारण हम ठंड को झेल नहीं पाते हैं। ऐसे में शरीर के कई हिस्सों में दर्द की शिकायत हो जाती है। ऐसे में आज हम आपको इस आर्टिकल में ठंड के कारण होने वाले 5 बॉडी पेन और इससे बचने के कुछ कारगर उपाय बताते हैं...

सिर में दर्द

ठंड लगने से सिरदर्द की शिकायत होना आम बात हैं। ऐसे में इससे बचने के लिए आप टोपी और मफ्लर को जरूर पहनें।

गले में दर्द

सर्दियों में ठंड लगने से अक्सर लोगों को गले के पिछले हिस्से में दर्द होता है। इसके अलावा कफ, खांसी की परेशानी भी होने लगती हैं। इससे बचने के लिए गले को ढककर रखें। इसके साथ ही गर्म चीजों का सेवन करें। आप गले दर्द की दवा भी ले सकते हैं। आप गुनगुने पानी में थोड़ा सा नमक मिलाकर गरारे भी कर सकती हैं। इससे भी आपको आराम मिलेगा।

छाती में दर्द

कई लोगों को ठंड लगने पर छाती में दर्द की शिकायत भी सताती है। इससे बचने के लिए आप स्टीम ले सकती हैं। इसके अलावा गर्म तासीर वाली चीजें खाने से भी लाभ मिलेगा।

कमर दर्द

अक्सर महिलाओं व बढ़ती उम्र के लोगों को ठंड में कमर दर्द महसूस होता है। ऐसे में आप स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज व योगा करें। इससे आपके मांसपेशियों में मजबूती आएगी। इसके साथ ही कमर व शरीर के अन्य हिस्सों में दर्द व अकड़न से आराम मिलेगा।

जोड़ों में दर्द

ठंड लगने से जोड़ों में दर्द होना भी साधारण समस्या है। इससे आराम पाने के लिए सोने से पहले पैरों व जोड़ों की तेल मसाज करें। इससे आपके जोड़ों व मांसपेशियों में दर्द कम होने में मदद मिलेगी।

pc: freepik

Content Writer

neetu