राक्षसों पर रखे गए भारत के इन 5 शहरों के नाम, जानिए इनका इतिहास

punjabkesari.in Sunday, Jul 25, 2021 - 06:16 PM (IST)

भारत खूबसूरत व ऐतिहासिक शहरों वाला देश है। यहां पर ऐसी बहुत सी जगह है जो प्राकृतिक नजारों को दर्शाती है। वहीं बात एक जगह से दूसरी जगह जाने कि करें तो इसके लिए हर शहर, सड़क के नाम है। वहीं भारत के इन शहरों के नामों का संबंध भी किसी ना किसी महापुरुष, क्रांतिकारियों, राजनेताओं और शहीदों के नाम जुड़ा है। मगर क्या आप जानते हैं कि भारत में कई ऐसे शहर भी है जिनका नाम प्राचीन काल के राक्षसों पर पड़ा है? जी हां, यहीं सच है तो चलिए आज हम आपको भारत के 5 ऐसे ही शहरों के बारे में बताते हैं। 

जालंधर, पंजाब 

पंजाब का मशहूर शहर जालंधर का संबंध भी एक राक्षस से है। माना जाता है कि प्राचीन काल में यह शहर 'जलंधर राक्षस' की राजधानी थी। 

पलवल, हरियाणा 

माना जाता है कि हरियाणा जिले का पलवल शहर 'पलंबासुर' राक्षस के नाम पर रखा गया है। कहते हैं कि प्राचीन काल में इसी जगह को पलंबरपुर कहा जाता है। मगर अब यह शहर पलवल नाम से जाना जाता है। 

गया, बिहार 

बिहार में गया मुख्य तीर्थ स्थल माना जाता है। कहा जाता है कि 'गयासुर' राक्षस के नाम पर इस शहर का नाम रखा गया है। माना जाता है कि जिस समय असुर स्वर्ग पहुंचने लगे थे तब उनको रोकने के लिए श्रीहरि ने ब्रह्मा जी के द्वारा यज्ञ के लिए गयासुर से उसका शरीर मांगा था। तब गयासुर लेटा गया और उसका शरीर पांच कोस तक फैल गया। इससे प्रसन्न होकर देवताों ने गयासुर को वरदान दिया की इस स्थान पर पितरों का श्राद्ध कर्म और तर्पण करने वाले को मुक्ति मिलेगी। 

मैसूर, कर्नाटक

कर्नाटक के मैसूर को भला कौन नहीं जानता हैं। यह भारत का एक मशहूर ऐतिहासिक शहर है। माना जाता है कि इस शहर का नाम राक्षस 'महिषासुर' राक्षस के नाम पर रखा गया था। महिषासुर के समय यह शहर महिषा-ऊरु के नाम से मशहूर था। फिर इसे महिषुरु कहा जाने लगा। बाद में लोगों ने इसे कन्नड़ भाषा में मैसुरु कहा। मगर अब यह मैसूर नाम से मशहूर है। 

तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु

तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु में स्थित एक शहर है। इस शहर का नाम 'थिरिसिरन' नामक राक्षस के नाम पर है। माना जाता है कि एक समय में इसी स्थान पर इस राक्षस ने शिव जी की तपस्या की थी। फिर उसी के नाम से इस शहर का नाम थिरि-सिकरपुरम रखा गया। बाद में यह बदल कर थिरिसिरपुरम हुआ। मगर अब दुनियाभर में यह शहर तिरुचिरापल्ली के नाम से मशहूर है। 


 

Content Writer

neetu