कुदरत का अजीबोगरीब करिश्मा है Stone River, यहां पर पानी की जगह आपको मिलेंगे पत्थर ही पत्थर!

punjabkesari.in Friday, May 12, 2023 - 02:46 PM (IST)

आपने ऐसी नदी तो देखी होगी, जिसमें पानी हो, लेकिन क्या कभी किसी ऐसी नदी के बारे में सुना है, जिसमें पानी नहीं बल्कि सिर्फ पत्थर मौजूद हों। आपको शायद यकीन ना हो, लेकिन रूस में ऐसी ही एक नदी है। यही वजह है कि पत्थरों की इस नदी को स्टोन रिवर या स्टोन रन कहा जाता है। 

कुदरत का एक करिश्मा है स्टोन रिवर

यह नदी कुदरत का एक अजीबोगरीब करिश्मा है, जिसका रहस्य वैज्ञानिक भी अब तक नहीं सुलझा पाए हैं। इस नदी में लगभग छह किलोमीटर तक आपको सिर्फ पत्थर ही पत्थर दिखाई देंगे। यह देखने पर बिल्कुल किसी नदी की धारा की तरह लगते हैं। 20 मीटर छोटी धाराओं से लेकर कहीं-कहीं यह नदी 200 से 700 मीटर की बड़ी धाराओं का रूप भी ले लेती है। 

हर साइज के पत्थर हैं इस नदी में मौजूद

इस नदी में छोटे-छोटे पत्थरों से लेकर बड़े-बड़े पत्थर मौजूद हैं। करीब 10 टन तक वजनी यहां के पत्थर चार से छह इंच तक जमीन के अंदर धंसे हुए हैं। यही कारण है कि यहां किसी भी तरह की वनस्पति उग ही नहीं पाती है, जबकि नदी के आसपास देवदार के पेड़ भरे पड़े हैं। 

वैज्ञानिक भी नहीं सुलझा पाए रहस्य

अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर इतने सारे पत्थर कहां से आए और कैसे इन्होंने एक नदी का रूप ले लिया? कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि करीब 10 हजार साल पहले ऊंची चोटियों से ग्लेशियर टूटकर गिरे होंगे, जिसकी वजह से इस अजीबोगरीब नदी का निर्माण हुआ।  लेकिन असल में इस पहेली का जवाब किसी के पास नहीं है। लोग दूर-दूर से इस अजीबोगरीब नदी को देखने आते हैं।

Content Editor

Charanjeet Kaur