नथ के बिना पहाड़ी दुल्हन का श्रृंगार  है अधूरा,  इसे पहनते ही बढ़ जाती है खूबसूरती

punjabkesari.in Monday, Apr 03, 2023 - 04:54 PM (IST)

हर लड़की की जिंदगी में शादी एक ऐसा पल होता है जिसे वह ताउम्र नहीं भूल पाती है। इस दिन उसकी नई जिंदगी की शुरुआत होती है, तभी वह सजने-संवरने में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। शादी के चंद दिनों पहले हर दुल्हन को  सोलह श्रृंगार के बारे में  बताया जाता है। हिन्दू पुराणों के अनुसार शादी के बाद सोलह श्रृंगार करने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है।


सोलह श्रृंगार में कई सारी चीजें होती हैं, लेकिन नथ को इसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। शादी के दिन और उसके बाद भी कई जगह दुल्हन को नाक में नथ पहननी जरूरी होती है। आज हम आपको पहाड़ी नथ के बारे में बताएंगे, जो दुल्हनों की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करती है। 


आपको बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम का ब्राइडल लुक तो याद होगा ही, लाल रंग की साड़ी, हाथों में लाल चूड़ा, कलीरों के साथ फैंस को उनकी पहाड़ी नथ भी काफी पसंद आई थी। यामी गौतम की तस्वीरें देखने के बाद लड़कियों में इस नथ का क्रेज काफी बढ़ गया था। 


पहाड़ी दुल्हनों को अक्सर सिंपल लुक में देखा जाता है क्योंकि उनके गहने ही उनका श्रृंगार पूरा कर देते हैं। जरूरी नहीं है कि पहाड़ी दुल्हनें ही इस तरह की नथ पहन सकती है, आजकल बाकी राज्यों की दुल्हनें भी पहाड़ी नथ को ट्राई कर चुकी हैं। 


टिहरी की नथ पहाड़ों का सबसे आकर्षक और सबसे महत्वपूर्ण गहना है। टिहरी गढ़वाल की नथ सोने की बनती है और उस पर की गई चित्रकारी उसे दुनिया भर में मशहूर करती हैं। शादी ही नहीं इसे पवित्र उत्सव में जरूर पहना जाता है। नथ का वजन और उसमें लगे हुए मोती परिवार और नथ पहनने वाली और उसके धन धान्य और स्टेटस को दर्शाता है।


उत्तराखंडी महिलाओं के लिए पांरपरिक नथ एक पूंजी की तरह है जिसको महिला पीढी दर पीढ़ी संजोती हैं और उत्तराखंड की लगभग हर शादी-शुदा महिला के पास इस तरह की  नथ जरुर होती है। 


पहाड़ी दुल्हनों को माेर नथ पहने भी कई बार देखा जा चुका है।  यह नथ देखने में इतनी ज्यादा खूबसूरत लगती है कि आप इसे खरीदे बगैर नहीं रह सकते हैं। इस नथ को पहनने के बाद दुल्हन को मेकअप करने भी जरुरत नहीं होती है। अगर आप भी अपनी शादी को यादगार बनाना चाहती हैं तो पहाड़ी नथों के डिजाइन देखना ना भूलें। 


 

Content Writer

vasudha