अरबों के खजाने से भरी पड़ी है यह झील

punjabkesari.in Wednesday, Mar 01, 2017 - 04:37 PM (IST)

ट्रैवलिंगः आपने दादी-नानी की कहानियों या फिर टी.वी पर बहुत से किस्सों में रहस्यमयी खजाने की कहानियां सुनी होंगी। वैसे तो सुनने में अक्सर मिलता है कि दुनिया में ऐसी कई जगहें हैं जहां पर पुराना खजानी छिपा हुआ है। लेकिन आज हम जिस खजाने की बात कर रहे हैं वह एक झील है। कहा जाता है कि इस झील के तले में इतना खजाना छिपा है जिसकी आपने कभी कल्पना भी नहीं की होगी। हिमाचल की इस झील को कमरुनाग कहते हैं। 


हिमाचल की पहाडियों में कमरुनाग झील के बारे में कहा जाता है कि यहां पर अरबों रुपए का खज़ाना दफन है। यह जगह हिमाचल के रोहांडा में है। कठिन रास्तो से पैदल चलकर इस जगह पर पहुंचना पड़ता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि बाबा कमरुनाग गर्मियों के दिनों में यानि 14 और 15 जून को दर्शन देते हैं।इसी समय यहां पर मेला लगता है और पहले ही लोगों की यहां पर भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। इनको घाटी का सबसे बड़ा देवता माना जाता है।  
 

कहा जाता है कि इस देवता के दर्शन करने आए लोग झील में सोने-चांदी के गहने और पैसे डालते थे और आज तक डाल रहे हैं। इस कारण यहां पर अरबो का खजाना जमा हो चुका है। ऐसा माना जाता है कि यहां पर मन्नत पूरी होने पर लोग सोने-चांदी के गहने चढाते हैं और इस खजाने का झील से निकाला भी नहीं जाता। 


ऐसा भी माना जाता है कि इस झील का रास्ता सीधे पाताल तक जाता है। यहां पर न तो कोई पुजारी है और न ही इस झील में कोई चोरी कर सकता है। कहा जाता है कि कमरुनाग देवता खुद इस खजाने की रक्षा करते हैं और अगर कोई इस खजाने को हाथ लगाने की कोशिश करता है तो नाग देवता अपने रूप में आ जाते हैं। 

Punjab Kesari