बाढ़ के पानी में बच्चे को टोकरी पर लेकर निकला पिता, लोगों को याद आ गए वासुदेव

punjabkesari.in Tuesday, Jun 21, 2022 - 12:54 PM (IST)

असम पिछले एक सप्ताह से विनाशकारी बाढ़ की चपेट में है, सभी नदियों के उफान पर आने के चलते वहां के हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।36 में से 32 जिलों में 47,72,140 लोग इससे प्रभावित हो चुके हैं। इस मुश्किल हालात के बीच एक ऐसी वीडियो सामने आई है, जिसे देख लोगों को भगवान कृष्ण के पिता वासुदेव की याद आ गई। 

 

दरअसल सोशल मीडिया पर एक दिल छू दाने वाली वीडियो सामने आई है, जिस पर लोग खूब प्यार लुटा रहे हैं। वीडियो में देख सकते हैं कि एक पिता अपने नवजात बच्चे को टोकरी में रखकर बाढ़ वाले पानी के बीच में से गुजर रहा है।  उस शख्स  के चेहरे पर पिता बनने की खुशी साफ दिखाई  दे रही है।

ट्विटर यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा- सिलचर बाढ़ से दिल जीत लेने वाली तस्वीर! अपने नवजात बच्चे के साथ पानी पार करते एक पिता का यह वीडियो वासुदेव को यमुना नदी पार करने की याद दिलाता है जो नवजात भगवान कृष्ण को अपने सिर पर ले जाते हैं।


प्राचीन वैदिक कथाओं के अनुसार पिता वासुदेव ने बालकृष्ण को यमुना नदी पार कर गोकुल के नंदभवन में पहुंचाया था। वासुदेव, बालकृष्ण को गोकुल पहुंचाने के लिए उन्हें टोकरी में लेकर सीधे यमुना नदी चले गए थे। यमुना नदी भारी उफान पर थी लेकिन जैसे ही यमुना नदी ने कृष्ण के पैरों को छुआ नदी का तेज बहाव शांत हो गया और वासुदेव ने नदी आसानी से पार कर ली। आज इस वीडियो को देखकर लोगों काे वही कथा याद आ गई। 
 

Content Writer

vasudha