Gandhi Jayanti: भारत के नोटों पर कैसे और कहां से आई Gandhi Ji की फोटो?

punjabkesari.in Saturday, Oct 02, 2021 - 04:01 PM (IST)

भारतीय करेंसी का स्वरूप साल दर साल बदलता ही जा रहा है। नोटबंदी के वक्त सरकार ने पुराने 500 और 1000 के नोट बदलकर 2000 और 500 रुपये का नया नोट जारी किए थे। सालों में बदलाव तो कई हुए लेकिन एक चीज जो नोटों में नहीं बदली वह है राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर। लेकिन क्या आप जानते हैं  इससे पहले भारतीय नोटों पर अशोक स्तंभ, तंजोर मंदिर, लॉयन कैपिटल, गेटवे ऑफ इंडिया की तस्वीरें छपा करती थी। आज हम आपको बताते हैं कि गांधी जी की तस्‍वीर पहली बार नोट पर कब छपी थी। 

1969 में छपी थी पहली तस्वीर 

नोटों पर पहली बार गांधीजी की तस्वीर वर्ष 1969 में छपी थी। रिजर्व बैंक ने उनकी याद में स्मरण के तौर पर  तस्वीर को नोट पर जगह दी थी।  इन नोटों पर गांधी जी की तस्वीर के पीछे सेवाग्राम आश्रम भी था, जिसमें गांधीजी ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण 14 वर्ष गुजारे थे। 

कहां से आई तस्वीर

यह तस्वीर उस समय खींची गई, जब गांधीजी ने तत्कालीन बर्मा और भारत में ब्रिटिश सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत फ्रेडरिक पेथिक लॉरेंस के साथ कोलकाता स्थित वायसराय हाउस में मुलाकात की थी।  इसी तस्वीर से गांधीजी का चेहरा पोट्रेट के रूप में भारतीय नोटों पर अंकित किया गया। 

नोटों पर गांधीजी की  मुस्कुराती हुई तस्वीर 

आजकल नोटों में गांधीजी की जो मुस्कुराते हुए तस्वीर है, वह तस्वीर पहली बार करेंसी नोट पर 1987 में छापी गई थी। 1967 और 1992 के बीच  वाटरमार्क में अशोक स्तंभ वाला 10 रुपए का नोट  जारी किया गया था। 20 रुपए का नोट 1972 और 1975 के बीच, 50 रुपए का नोट 1975 और 1981 तथा 100 रुपए का नोट 1967 और 1979 के बीच जारी किया गया। वर्ष 1980 में सत्यमेव जयते को राष्ट्रीय चिन्ह में पहली बार शामिल किया गया। अक्टूबर 1987 में सबसे पहले गांधीजी की तस्वीर लगे 500 रुपये का नोट पेश किया गया।  इसके बाद से अन्य करेंसी नोटों पर भी उनकी यही तस्वीर छापी जाने लगी। 

महात्मा गांधी श्रंखला के बैंक नोट

-10 रुपए का नोट जून 1996

-20 रुपए का नोट अगस्त 2001 में

-50 रुपए का नोट मार्च 1997 में

-100 रुपए का जून 1996 में

- 500 रुपए का नोट अक्तूबर 1997 में

-1000 रुपए का नोट 2000 में जारी किया गया।

इसके बाद 2005 में महात्मा गांधी श्रृंखला का नया नोट 10, 20, 50 और 100, 500 और 1,000 रुपए के नोट में जारी किए गए।

Content Writer

vasudha