दाल खाने के बाद क्यों फूल जाता है पेट? एक्सपर्ट से जानिए असली वजह
punjabkesari.in Wednesday, Aug 20, 2025 - 11:18 AM (IST)

नारी डेस्क: हम सबके खाने की थाली में दाल एक ज़रूरी हिस्सा होती है। प्रोटीन से भरपूर दाल शरीर को ऊर्जा देती है और सेहतमंद रखने में मदद करती है। लेकिन कई बार यही दाल पेट दर्द, गैस और ब्लोटिंग (पेट फूलना) की वजह भी बन सकती है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। आइए इन्हें आसान भाषा में समझते हैं।
दाल में मौजूद गैस बनाने वाले तत्व
दालों में ओलिगोसैकराइड्स नामक कार्बोहाइड्रेट पाया जाता है, जिसे पचाना पेट के लिए आसान नहीं होता। जब ये आंत तक पहुंचते हैं तो बैक्टीरिया इन्हें तोड़ते हैं और इस प्रक्रिया में गैस बनती है। यही गैस कभी-कभी ब्लोटिंग और पेट दर्द का कारण बनती है।
2फाइबर की अधिकता
दालें फाइबर का अच्छा स्रोत हैं। लेकिन अगर कोई व्यक्ति ज्यादा मात्रा में दाल खा ले या फाइबर की आदत न हो तो पेट को इसे पचाने में मुश्किल होती है। नतीजा होता है भारीपन, अपच और पेट फूलना।
अधपकी दाल से परेशानी
कई बार दाल पूरी तरह पकाई नहीं जाती। अधपकी दाल पेट में भारीपन और गैस पैदा करती है क्योंकि इसमें मौजूद स्टार्च और प्रोटीन ठीक से टूट नहीं पाते। इससे पेट दर्द और कब्ज जैसी समस्या भी हो सकती है।
ज्यादा मसाले और तड़का
भारतीय दाल अक्सर तेल, मसाले और तड़के के साथ बनाई जाती है। जब ये मसाले पेट में जाते हैं तो गैस्ट्रिक जूस बढ़ा देते हैं, जिससे गैस और जलन की समस्या हो सकती है। खासकर अगर दाल में प्याज, लहसुन या ज्यादा मिर्च हो तो परेशानी और बढ़ जाती है।
खाने का तरीका और आदतें
अगर आप दाल को बहुत जल्दी-जल्दी खाते हैं, साथ में सोडा या कोल्ड ड्रिंक पीते हैं या रात को देर से दाल खाते हैं, तो भी पेट फूलने की समस्या हो सकती है। खाने की आदतें भी पेट के स्वास्थ्य पर असर डालती हैं।
ये भी पढ़ें: ये लक्षण दिखें तो हो जाएं सतर्क, सर्वाइकल कैंसर ले चुका है शरीर में एंट्री! तुरंत भागें डॉक्टर के पास
लैक्टोज या ग्लूटेन इंटॉलरेंस से मिलते-जुलते लक्षण
कुछ लोगों को फूड इंटॉलरेंस की वजह से दाल सूट नहीं करती। जैसे, अरहर या चने की दाल खाने के बाद लगातार गैस और ब्लोटिंग होना इस बात का संकेत हो सकता है कि आपकी बॉडी इसे पचा नहीं पा रही है। ऐसे मामलों में डॉक्टर से सलाह लेना ज़रूरी है।
क्या करें दाल खाने से पहले?
दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ देर पानी में भिगोकर रखें। दाल को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं। शुरुआत में कम मात्रा लें, फिर धीरे-धीरे बढ़ाएं। हल्का तड़का करें और ज्यादा मसाले न डालें। अगर फिर भी दिक्कत हो तो डॉक्टर से चेकअप ज़रूर कराएं।
दाल हमारी डाइट का ज़रूरी हिस्सा है, लेकिन हर शरीर की प्रतिक्रिया अलग होती है। अगर दाल खाने के बाद बार-बार गैस, पेट दर्द या ब्लोटिंग हो रही है, तो इसे नज़रअंदाज़ न करें और समय पर एक्सपर्ट की सलाह लें।