''Lock Upp 2'' में शिवांगी जोशी का बड़ा खुलासा, बचपन में करीबी रिश्तेदार ने की थी गलत हरकत
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 12:45 PM (IST)
नारी डेस्क : रियलिटी शो 'लॉकअप सीजन 2' अपने फिनाले वीक से पहले लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो के लेटेस्ट एपिसोड में टीवी एक्ट्रेस शिवांगी जोशी ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद दर्दनाक और भावुक अनुभव साझा किया। एलिमिनेशन टास्क के दौरान उन्होंने बताया कि बचपन में परिवार के भरोसेमंद एक शख्स ने उनके साथ गलत व्यवहार करने की कोशिश की थी।
एलिमिनेशन टास्क में किया चौंकाने वाला खुलासा
फिनाले से पहले हुए एलिमिनेशन और नॉमिनेशन टास्क में कंटेस्टेंट्स को अपनी जिंदगी के सबसे बड़े राज बताने थे। इसी दौरान स्क्रीन पर एक कीवर्ड आने के बाद शिवांगी जोशी ने हिम्मत जुटाकर अपने बचपन की उस घटना का जिक्र किया, जिसे उन्होंने वर्षों तक किसी से साझा नहीं किया था। भावुक होते हुए शिवांगी ने बताया कि उनकी मां के एक मुंहबोले भाई थे, जिन्हें पूरा परिवार बेहद सम्मान देता था। परिवार का उन पर पूरा भरोसा था, लेकिन उसी भरोसे का गलत फायदा उठाने की कोशिश की गई।

ड्राइविंग सिखाने के बहाने बढ़ाई नजदीकियां
शिवांगी के मुताबिक, जब वह छोटी थीं और एक्टिंग में करियर बनाने का सपना देख रही थीं, तब वह व्यक्ति उन्हें ड्राइविंग सिखाने के बहाने अपने पास बैठाता था। उस समय उन्हें यह समझ नहीं आता था कि क्या हो रहा है, लेकिन वह खुद को असहज महसूस करती थीं। इसी वजह से उन्होंने कुछ समय बाद ड्राइविंग सीखना ही छोड़ दिया।
मुंबई जाने से पहले हुई दर्दनाक घटना
एक्ट्रेस ने बताया कि मुंबई शिफ्ट होने से कुछ दिन पहले उनके माता-पिता किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान वह व्यक्ति जो शिवांगी का रिश्तेदार लगता था, वो घर आया और उनसे कहा कि अगर उन्हें एक्टिंग करनी है, तो ऐसे कई सीन करने पड़ेंगे और इसके लिए तैयार रहना होगा। शिवांगी के अनुसार, इसके बाद उसने जबरन उनके करीब आने की कोशिश की और उनके गाल पर किस किया। जब उन्होंने उसका विरोध किया और खुद को छुड़ाने की कोशिश की, तो उसने उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया।
यें भी पढ़ें : पैरों में झुनझुनी को हल्के में न लें! ये 10 गंभीर बीमारियों का हो सकता है संकेत
समय पर पहुंचे माता-पिता
शिवांगी ने बताया कि उसी समय उनके माता-पिता घर लौट आए। उनकी आवाज सुनकर दोनों तुरंत कमरे में पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद उस व्यक्ति को घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद परिवार ने उससे हमेशा के लिए सभी रिश्ते खत्म कर दिए। एक्ट्रेस ने कहा कि इस घटना का उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ा। कई दिनों तक वह घर से बाहर नहीं निकलीं और स्कूल भी नहीं जा सकीं। इस हादसे के बाद उनके माता-पिता उन्हें लेकर पहले से कहीं ज्यादा सतर्क और प्रोटेक्टिव हो गए। शिवांगी ने बताया कि इतने सालों बाद इस दर्दनाक अनुभव को साझा करना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन शो में साथी कंटेस्टेंट्स के हौसले और समर्थन की वजह से उन्होंने पहली बार यह सच दुनिया के सामने रखने की हिम्मत जुटाई।

