शाहरुख बेस्ट एक्टर और रानी मुखर्जी बेस्ट एक्ट्रेस, पहली बार दोनों को मिला करियर का सबसे बड़ा अवॉर्ड

punjabkesari.in Saturday, Aug 02, 2025 - 11:24 AM (IST)

नारी डेस्क:  साल 2023 के लिए शुक्रवार को घोषित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में हिंदी सिनेमा का दबदबा रहा। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने फिल्म ‘जवान' में दमदार अभिनय के लिए शुक्रवार को अपने करियर का पहला सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता। खान यह पुरस्कार अभिनेता विक्रांत मेसी के साथ संयुक्त रूप से साझा करेंगे। मेसी को ‘12वीं फेल' में उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार के लिए चुना गया है। 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Shah Rukh Khan (@iamsrk)


शाहरुख खान ने जताई खुशी

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक वीडियो संदेश में शाहरुख ने आशुतोष गोवारिकर की अध्यक्षता वाली राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जूरी और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। शाहरुख ने वीडियो में कहा- ‘‘बेशक, मैं कृतज्ञता, गर्व और विनम्रता से अभिभूत हूं। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होना एक ऐसा पल है जिसे मैं जीवन भर संजोकर रखूंगा।'' दाहिने हाथ पर ‘स्लिंग' (हाथ टूटने के बाद हड्डी को सहारा देने वाली पट्टी) पहने अभिनेता ने कहा- ‘‘राष्ट्रीय पुरस्कार सिर्फ उपलब्धि नहीं है। यह मुझे याद दिलाता है कि मैं जो करता हूं वह मायने रखता है। यह मुझे आगे बढ़ते रहने, कड़ी मेहनत करते रहने, सृजन करते रहने और सिनेमा की सेवा करते रहने के लिए प्रेरित करता है। शोर से भरी इस दुनिया में, सच में सुना जाना एक वरदान है और मैं वादा करता हूं कि इस सम्मान को मैं अपनी आखिरी पंक्ति के रूप में नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास करने, सीखने और दूसरों को कुछ देने के लिए ऊर्जा के रूप में इस्तेमाल करूंगा।'' 

PunjabKesari
रानी मुखर्जी के नाम पहली बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 

वहीं, अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे' में निभाए गए किरदार के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अपने नाम किया। यह रानी के फिल्मी करियर का पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार है। उन्होंने इस पुरस्कार को अपने 30 साल के काम, कला के प्रति समर्पण और सिनेमा के प्रति जुनून को मिली मान्यता करार दिया। दिल्ली में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा जूरी प्रमुख और फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर ने की। उन्होंने बताया कि विधु विनोद चोपड़ा निर्देशित ‘12वीं फेल' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है, जबकि ‘द केरला स्टोरी' के लिए सुदीप्तो सेन ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का अवॉर्ड हासिल किया है। करण जौहर की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' को संपूर्ण मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। 

PunjabKesari
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' ने भी पुरस्कार  किया अपने नाम

वहीं, मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी ‘सैम बहादुर' को राष्ट्रीय, सामाजिक और पर्यावरणीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया।  ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' को संपूर्ण मनोरंजन के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने से उत्साहित करण जौहर ने कहा- “यह फिल्म मेरे दिल के बेहद करीब है और इसके लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर मैं बेहद खुश और अभिभूत महसूस कर रहा हूं। मैं फिल्म को मिले अपार प्यार के लिए दर्शकों का आभारी हूं।” वैभवी मर्चेंट ने ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के गाने ‘ढिंढोरा बाजे...' के लिए सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशन का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। वहीं, शिल्पा राव को ‘जवान' के गाने ‘चलेया...' के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का पुरस्कार मिला।

PunjabKesari
बाकी पुरस्कारों की लिस्ट

सान्या मल्होत्रा अभिनीत ‘कटहल : अ जैकफ्रूट मिस्ट्री' को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार दिया गया। मलयालम फिल्म ‘पूकलम' के लिए विजयराघवन और तमिल फिल्म ‘पार्किंग' के लिए मुथुपेट्टई सोमू भास्कर ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार साझा किया। वहीं, मलयालम फिल्म ‘उलोझोक्कु' के लिए उर्वशी और गुजराती फिल्म ‘वश' के लिए जानकी बोदीवाला को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। सर्वश्रेष्ठ मलयालम फिल्म का पुरस्कार ‘उलोझोक्कु' और सर्वश्रेष्ठ गुजराती फिल्म का पुरस्कार ‘वश' ने जीता। आशीष बेंडे की मराठी फिल्म ‘आत्मपॅम्फ्लेट' को किसी निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ पहली फिल्म का पुरस्कार मिला। एवीजीसी (एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग और कॉमिक) श्रेणी की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार तेलुगु फिल्म ‘हनु-मैन' ने जीता। उसे सर्वश्रेष्ठ एक्शन निर्देशन का पुरस्कार भी हासिल हुआ। रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना अभिनीत ‘एनिमल' को सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजाइन और सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक (पृष्ठभूमि संगीत) के अलावा री-रिकॉर्डिंग मिक्सर के लिए विशेष उल्लेख पुरस्कार प्रदान किए गए।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static