शादी होने वाली थी बेटे की, ससुर ने खुद बहू से रचा लिया निकाह – अनोखा मामला
punjabkesari.in Saturday, Jun 21, 2025 - 10:38 AM (IST)

नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे जानकर हर कोई दंग है। यहां एक 55 साल के शख्स ने अपने ही छोटे बेटे की होने वाली दुल्हन से शादी कर ली। अब ये विवादास्पद रिश्ता पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रामपुर के शहजादनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ककरौआ गांव का रहने वाला एक व्यक्ति कुछ समय से भोट क्षेत्र के बांस नगली गांव में रह रहा था। उसकी उम्र 55 साल है और उसके तीन बेटे हैं। करीब 6 महीने पहले उसने अपने सबसे छोटे बेटे की शादी के लिए एक लड़की से रिश्ता तय किया था। लड़की की उम्र 18 साल है और वह अजीमनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। दोनों परिवारों की रज़ामंदी से रिश्ता तय हुआ और शादी की तारीख भी नज़दीक आ चुकी थी।
ससुर को ही हो गया बहू से प्यार
शादी की तैयारियों के बीच, लड़की के ससुर यानी होने वाले ससुर ने उसके मायके आना-जाना शुरू कर दिया। इसी दौरान वह अपनी बहू पर ही मोहित हो गया। कुछ दिन बाद उसने डॉक्टर को दिखाने के बहाने बहू को दिल्ली ले जाने की बात कही और उसे साथ ले गया। लेकिन वह वहां से लौटकर नहीं आया।
8 दिन बाद बहू से निकाह कर लौटा
करीब आठ दिन बाद वह जब लौटा तो सभी घरवालों को पता चला कि उसने अपने बेटे की मंगेतर से निकाह कर लिया है। यह जानकर परिवार के लोगों को गहरा झटका लगा। घर में जबरदस्त झगड़ा और मारपीट की स्थिति बन गई।
परिवार वालों ने यह रिश्ता मानने से साफ इनकार कर दिया। मामले को लेकर गांव की पंचायत भी बुलाई गई, जिसमें दोनों को परिवार से बाहर निकालने का फैसला लिया गया।
गांव में मचा बवाल, लोग कर रहे चर्चा
जब इस घटना की जानकारी गांव वालों को हुई, तो लोग हैरान रह गए। सभी इसे सामाजिक और नैतिक मूल्यों के खिलाफ बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसा रिश्ता कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता।फिलहाल यह जोड़ा दिल्ली में एक रिश्तेदार के घर रह रहा है और शर्म के मारे गांव वापस नहीं आया है।
बेटे और गांव वालों का गुस्सा
इस घटना से तीनों बेटे खासकर छोटा बेटा बेहद नाराज़ है। गांव और आस-पास के इलाके में इस मुद्दे पर जमकर चर्चा हो रही है। कुछ लोग इसे घोर अनैतिक बता रहे हैं, तो कुछ हैरानी से पूछ रहे हैं – "बाप ने ऐसा पाप क्यों किया?"
इससे पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौर करने वाली बात है कि इससे पहले अलीगढ़ में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जहां एक दामाद अपनी सास को लेकर भाग गया था और दोनों ने शादी कर ली थी।