राइज एंड फॉल 2 से बाहर होते ही Sara Gurpal को मिलीं रे/प और जान से मारने की धमकियां...
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 04:29 PM (IST)
नारी डेस्क : रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ से बाहर होने के बाद पंजाबी एक्ट्रेस और सिंगर सारा गुरपाल ने सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। एक्ट्रेस के मुताबिक, शो से बाहर आने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इतना ही नहीं, उनके परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा है। इस पूरे मामले पर सारा ने नाराजगी जाहिर करते हुए ऑनलाइन ट्रोलिंग और अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।
ये बहुत अजीब और घिनौना है...
सारा गुरपाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ‘राइज एंड फॉल’ का अनुभव उनके लिए काफी अलग रहा, लेकिन शो से बाहर आने के बाद सोशल मीडिया पर जो कुछ देखने को मिल रहा है, वह बेहद परेशान करने वाला है। एक्ट्रेस ने लिखा कि लोग उनकी राय से सहमत या असहमत हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने या रेप की धमकियां दी जाएं। उन्होंने अपने शरीर को लेकर की जा रही भद्दी टिप्पणियों पर भी नाराजगी जाहिर की। सारा के मुताबिक, किसी की पसंद-नापसंद या विचारों को लेकर इस तरह की अभद्रता करना शर्मनाक है।

आपको शर्म आनी चाहिए!
सारा ने अपने पोस्ट में ऑनलाइन ट्रोल्स को जवाबदेह ठहराने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी रियलिटी शो में कंटेस्टेंट के गेम या व्यवहार से असहमति होना अलग बात है, लेकिन इसके नाम पर धमकियां देना और परिवार को निशाना बनाना किसी भी तरह से सही नहीं है। एक्ट्रेस ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया। उनका यह बयान ऑनलाइन ट्रोलिंग और सोशल मीडिया पर महिलाओं को निशाना बनाकर दी जाने वाली धमकियों के गंभीर मुद्दे को सामने लाता है।
यें भी पढ़ें : सीने में दर्द ही नहीं, ये लक्षण भी देते हैं दिल की धमनियों में ब्लॉकेज के संकेत
शो में अपने बेबाक अंदाज को लेकर रहीं चर्चा में
‘राइज एंड फॉल 2’ में सारा गुरपाल अपने बेबाक अंदाज और दूसरे कंटेस्टेंट्स के साथ समीकरणों को लेकर चर्चा में रहीं। रियलिटी शो में प्रतियोगियों के बीच होने वाले मतभेद और बहस दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनते हैं। हालांकि, शो में किसी कंटेस्टेंट के व्यवहार को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया का मतलब यह नहीं है कि उसे या उसके परिवार को धमकियां दी जाएं।

कौन हैं सारा गुरपाल?
सारा गुरपाल पंजाबी मनोरंजन जगत की जानी-मानी एक्ट्रेस, मॉडल और सिंगर हैं। वह पंजाबी फिल्मों के अलावा कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। उन्हें ‘मंजे बिस्तरे’ और ‘शावा नी गिरधारी लाल’ जैसी फिल्मों में देखा गया है। सारा हिंदी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 14’ का भी हिस्सा रह चुकी हैं। इसके बाद वह ‘राइज एंड फॉल’ जैसे रियलिटी शो में नजर आईं। अपने काम और बेबाक व्यक्तित्व के कारण वह अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। फिलहाल, शो से बाहर आने के बाद सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों को लेकर उनका बयान चर्चा में है।

