बेबी की स्किन को स्वस्थ और साफ़ रखने के सुरक्षित घरेलू उपाय
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 05:54 PM (IST)
नारी डेस्क : हर बच्चा अपने आप में खास होता है। उसकी रंगत कैसी है, इससे उसकी सेहत या सुंदरता तय नहीं होती। बच्चे की त्वचा का रंग उसके जीन (Genes) पर निर्भर करता है और जन्म के बाद उसे बदला नहीं जा सकता। हां, इतना ज़रूर किया जा सकता है कि शिशु की त्वचा स्वस्थ, साफ़ और नैचुरल ग्लोइंग बनी रहे। ध्यान रखें बाजार की केमिकल वाली क्रीम और लोशन शिशु की नाज़ुक त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए हमेशा सुरक्षित और घरेलू उपायों को ही अपनाना बेहतर होता है।
बेसन का हल्का पेस्ट
बेसन त्वचा को साफ़ करने में मदद करता है।
कैसे बनाएं: बेसन में थोड़ा कच्चा दूध और बहुत ही चुटकी भर हल्दी मिलाकर पतला पेस्ट बनाएं।
इसे शिशु की त्वचा पर 5–10 मिनट लगाकर रखें और फिर गीले, मुलायम कपड़े से हल्के हाथ से साफ़ कर दें।
इससे त्वचा साफ़ दिखती है और नेचुरल चमक आती है।

घरेलू बॉडी पैक
चंदन पाउडर, कच्चा दूध और थोड़ा सा केसर मिलाकर हल्का पैक बनाया जा सकता है।
इसे शरीर पर लगाकर सूखने दें और फिर मुलायम कपड़े से पोंछ लें।
यह त्वचा को ठंडक देता है और डलनेस कम करता है।
हार्श साबुन से बचें
शिशु की त्वचा के लिए सिर्फ बेबी माइल्ड सोप ही इस्तेमाल करें।
ज़्यादा साबुन या तेज़ केमिकल वाले प्रोडक्ट त्वचा को रूखा बना सकते हैं।
आप कच्चे दूध और गुलाब जल से भी हल्के हाथ से त्वचा साफ़ कर सकती हैं।

मॉइस्चराइज़र ज़रूरी है
दिन में 2–3 बार हल्के मॉइस्चराइज़र से बेबी की मसाज करें।
इससे त्वचा हाइड्रेटेड रहती है, ड्रायनेस नहीं होती और नेचुरल ग्लो बना रहता है।
तेल से मालिश
नारियल तेल या ऑलिव ऑयल से रोज़ाना हल्की मालिश करें।
तेल को हल्का गुनगुना कर लें और बहुत सॉफ्ट हाथों से मसाज करें।
इससे त्वचा मुलायम, स्मूद और स्वस्थ रहती है।

हल्की धूप दिखाएं
सुबह की हल्की धूप शिशु के लिए फायदेमंद होती है।
इससे विटामिन D मिलता है और इम्युनिटी बढ़ती है।
ध्यान रखें तेज़ धूप में बच्चे को बिल्कुल न ले जाएं।
इन उपायों से बच्चे की त्वचा साफ़ और हेल्दी रहती है, लेकिन त्वचा का रंग बदलने का कोई सुरक्षित तरीका नहीं होता। अपने बच्चे को जैसा है, वैसे ही प्यार करें वही सबसे सुंदर है।

