Roop Chaturdashi पर लगाएं ये उबटन, खूबसूरती में लग जाएंगे चार-चांद

punjabkesari.in Wednesday, Nov 03, 2021 - 09:51 AM (IST)

धनतेरस के अगले दिन रूप चतुर्दशी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं अपने शरीर की तेल मालिश करती है और उबटन लगाती है। कहा जाता है कि ऐसा करने से खूबसूरती बढ़ती है। साथ ही सौभाग्य की भी प्राप्ति होती है। इस साल यह पर्व 3 नवंबर यानि आज मनाया जाएगा। ऐसे में आज हम आपको कुछ खास उबटन बनाने, लगाना व फायदों के बारे में बताते हैं...

मसूर की दाल उबटन

इसके लिए दाल को देसी घी में भूनकर दूध में भिगोएं। 3-4 घंटों के बाद इसे मिक्सी में पीस लें। तैयार पेस्ट चेहरे व गर्दन पर 20 मिनट तक लगाएं। बाद में इसे हल्के हाथों से मसाज करते हुए उतारे। फिर गुनगुने पानी से चेहरा धोएं। यह उबटन डेड स्किन सेल्स साफ करके त्वचा को गहराई से पोषित करेगा। चेहरे का रूखापन दूर होगा। ऐसे में चेहरा साफ, मुलायम व खिला-खिला नजर आएगा।

बेसन उबटन

आप चेहरे पर निखार लाने के लिए बेसन उबटन लगा सकती है। यह स्किन को गहराई से पोषित करके उसे हेल्दी और ग्लोइंग बनाने में मदद करेगा। उबटन बनाने के लिए एक कटोरी में 2 चम्मच बेसन, 1-1 चम्मच मलाई, दही मिलाएं। अब इसमें चुटकीभर हल्दी मिलाकर चेहरे व गर्दन पर मसाज करते हुए लगाएं। 2-3 मिनट तक चेहरे की स्क्रबिंग करें। फिर इसे 10-15 मिनट तक लगा रहने दें। बाद में गुनगुने पानी से इसे साफ कर लें।

मुल्तानी मिट्टी उबटन

आप मुल्तानी मिट्टी से बना उबटन भी लगा सकती है। इसके लिए एक कटोरी में 2 चम्मच मुल्तानी मिट्टी, जरूरत अनुसार गुलाब जल और कुछ बूंदें जैतून तेल की मिलाएं। तैयार मिश्रण को चेहरे पर हल्के हाथों से रगड़ते हुए लगाएं। फिर इसे 20 मिनट तक लगा रहने दें। बाद में गुनगुने पानी से धो लें। मुल्तानी मिट्टी हर स्किन टाइप को आसानी से सूट कर जाती है। इससे चेहरे पर पड़े दाग-धब्बे, कील-मुंहासे, झाइयां, काले घेरे आदि दूर होने में मदद मिलती है।

केले का उबटन

सर्दियों में ड्राई स्किन की समस्या सबसे ज्यादा होती है। इससे बचने के लिए आप केले से उबटन बनाकर लगा सकती है। यह स्किन को लंबे समय तक हाइड्रेटेड रखेगा। साथ ही स्किन संबंधी समस्याएं दूर करके चेहरे पर नेचुरल ग्लो लाने में मदद करेगा। इसके लिए एक कटोरी में 1/2 मैश्ड केला, 1 चम्मच नारियल तेल मिलाकर चेहरे व गर्दन पर लगाएं। 15-20 मिनट या सूखने के बाद इसे गुनगुने पानी से साफ कर लें।

 

Content Writer

neetu