Vastu Tips: नमक के अचूक उपाय, जो धनतेरस पर लाएंगे घर में खुशहाली

punjabkesari.in Saturday, Oct 22, 2022 - 01:41 PM (IST)

धनतेरस का त्योहार पूरे भारत देश में बड़े ही धूम-धाम से मनाए जाने वाला त्यौहार है। इस दिन को धन त्रयोदशी और धन्वंतरि जंयती के नाम से भी जाना जाता है। दिवाली के त्यौहार की शुरुआत धनतेरस से शुरु होती है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन नई चीजों की खरीददारी करना बेहद ही शुभ है। इस शुभ दिन पर भगवान धनवंतरि और धन दौलत के देवता कुबेर की पूजा की जाती है। ज्योतिषों के अनुसार इस दिन झाड़ू और नमक खरीदना घर में मां लक्ष्मी को निमंत्रण देने के बराबर है। लक्ष्मी माता के साथ सुख-समृद्धि का भी वास होता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन धन्वंतरि देव जब समुद्र मंथन से प्रकट हुए, तो उनके हाथ में अमृत से भरा कलश भी था। जिसकी वजह से धनतेरस के दिन बर्तन खरीदने की परंपरा चली आ रही है। धनतेरस के दिन धन और समृद्धि के लिए कई तरह के उपाय किए जाते हैं। इसमें नमक से जुड़े उपाय भी कारगर साबित हुए हैं। तो आइए जानते हैं इस उपायों के बारे में-

नमक खरीदना है बेहद शुभ

इस दिन नमक खरीदना बेहद ही शुभ माना जाता है। इस पर्व पर नमक का एक नया पैकेट घर ले आएं उसके बाद घर में बनने वाली हर चीज में उसी पैकेट में से नमक का प्रयोग करें। कहा जाता है कि इससे घर में धन-धान्य में कोई कमी नहीं रहती और मां लक्ष्मी की कृपा सदैव आप पर और आपके परिवार पर बनी रहती है। 

कौन सी दिशा है सही

एक कटोरी में नमक लेकर उसे घर की पूर्व व उत्तर दिशा में रख दें। पौराणों में कहा गया है कि ऐसा करने से घर हर तरह की कमी से छुटकारा मिल जाता है और घर में खुशियों का वास होता है। 

पानी में नमक मिलाकर लगाएं पोछा

धनतेरस के दिन पानी में नमकर मिलाकर ही घर में पोछा लगाना चाहिए, इससे घर से सभी प्रकार की नकारात्मकता का नाश हो जाता है और साकारात्मक ऊर्जा का संचार होने लगता है। 

दांपत्य जीवन

अगर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही है तो इस दिन ये एक उपाय जरूर करना चाहिए। रात के समय सेंधा नमक या फिर सफेद नमक का छोटा टुकड़ा अपने बेडरूम के किसी कोने में रख कर सोएं, ऐसा करने से दांपत्य जीवन सुखद रहता है और उन दोनों के बीच प्यार बढ़ता है।  

नमक को न रखें लोहे, स्टील के बर्तन में

शास्त्रों के हिसाब से नमक चंद्र और शुक्र का प्रतिनिधित्व करता है। इसी कारणवश नमक को गलती से भी लोहे या स्टील के बर्तन में नहीं रखना चाहिए। माना जाता है कि ऐसा करने से चंद्र और शनि आपस में मिलकर परिवार के सदस्यों पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। हालांकि नमक को कांच के डिब्बे में रखना शुभ माना जाता है।

Content Writer

vasudha