Tourists के लिए फिर से खोला गया लाल किला, जानिए क्यों अचानक करना पड़ा था सील

punjabkesari.in Monday, Feb 19, 2024 - 02:55 PM (IST)

किसानों के मार्च के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से करीब एक सप्ताह पहले पर्यटकों के लिए बंद किए गए ऐतिहासिक लाल किला परिसर को फिर से खोल दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। पुरानी दिल्ली में स्थित मुगल काल के इस विश्व धरोहर स्थल को ‘‘सुरक्षा कारणों'' से सोमवार देर रात को ‘‘अचानक सील'' कर दिया गया था। 

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि- ‘‘इसे दो दिन पहले फिर से खोला गया।'' लाल किला सोमवार को पर्यटकों के लिए नियमित रूप से बंद रहता है, इसलिए उन्हें आज परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा। किसानों के ‘दिल्ली चलो' मार्च के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैन्य बलों की तैनाती के बीच लाल किले को सुरक्षा कारणों से पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। 


सूत्रों ने कहा कि इस पर्यटन स्थल को फिर से खोलने के लिए आधिकारिक तौर पर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इसे पुलिस के निर्देशों के अनुसार बंद किया गया था और तदनुसार फिर से खोल दिया गया है। पंजाब के किसानों ने मंगलवार को दिल्ली के लिए मार्च शुरू किया था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हरियाणा के साथ पंजाब की सीमा के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर रोक दिया। तब से प्रदर्शनकारी इन दो सीमा बिंदुओं पर डटे हुए हैं। 


मुगल काल में बना लाल किला ऐतिहासक स्मारक विश्व धरोहर की लिस्ट में शामिल है और भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है। लाल किला के सौंदर्य, भव्यता और आर्कषण को देखने दुनिया के कोने-कोने से लोग आते हैं और इसकी शाही बनावट और अनूठी वास्तुकला की प्रशंसा करते हैं। विश्व धरोहर की लिस्ट में शामिल दुनिया के इस सर्वश्रेष्ठ किले के निर्माण काम की शुरुआत मुगल सम्राट शाहजहां द्धारा 1638 ईसवी में करवाई गई थी।


यह किला वह स्थल भी है, जहां से भारत के प्रधान मंत्री स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को देश की जनता को सम्बोधित करते हैं। यह दिल्ली का सबसे बडा़ स्मारक भी है। एक समय था, जब 3000 लोग इस इमारत समूह में रहा करते थे। परंतु 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के बाद, किले पर ब्रिटिश सेना का कब्जा़ हो गया, एवं कई रिहायशी महल नष्ट कर दिये गये। 

Content Writer

vasudha