रवीना टंडन के नाम पर शख्स ने बनाया फेक अकाउंट, मुंबई कमिश्नर को रहा था बदनाम

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2020 - 02:44 PM (IST)

फर्जी अकाउंट से जुड़े मामले आए दिन देखने को मिलते हैं। लोग दूसरों के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाकर गलत टिप्पणीयां करते हैं। यह सिर्फ आम लोगों के साथ ही नहीं होता बल्कि फिल्मी सितारे भी इसके चपेट में आ चुके हैं। हाल ही में ऐसा ही कुछ हुआ एक्ट्रेस रवीना टंडन के साथ। किसी ने रवीना के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाया है, जिसके बाद एक्ट्रेस ने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।

मुंबई कमिश्नर के खिलाफ किया आपत्तिजनक ट्वीट

रवीना टंडन ने मुंबई पुलिस के साइबर सेल में फर्जी अकाउंट बनाने वाले अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। रवीना ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके नाम से ट्विटर पर फर्जी अकाउंट बनाया गया है। इस अकाउंट से मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का एक वीडियो शेयर किया गया है। इसके अलावा उस अकाउंट से आपत्तिजनक सामग्री भी शेयर की गई है। 

मराठी भाषा का भी किया गया अपमान

एक्ट्रेस का कहना है कि फर्जी अकाउंट से मुंबई पुलिस को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। वहीं यूजर ने मराठी भाषा का और मराठी भाषा बोलने वालों का अपमान भी किया है। रवीना कि शिकायत के बाद आईटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में इस मामले को लेकर केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही ट्विटर ने उस अकाउंट को ब्लाॅक कर दिया है। 

वहीं एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मुंबई पुलिस और राज्य सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा था। इसके लिए उसने बाॅट का इस्तेमाल किया। बाॅट एक साॅफ्टवेयर प्रोग्राम होता है जो मनुष्यों के बिना निर्देश दिए भी चल सकते हैं।

Content Writer

Bhawna sharma