राम मंदिर में राम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा हुई पूरी, यहां देखिए ‘राजा राम'  की पहली तस्वीर

punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 12:00 PM (IST)

नारी डेस्क: अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर की पहली मंजिल पर गंगा दशहरा के अवसर पर भगवान राम के ‘राजा राम' रूप की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा पूरी हुई, जिसकी पहली तस्वीर सामने आई है। इस दाैरान भगवान राम परंपरागत भारतीय वस्त्रों में सजें। श्रीराम जन्मभूमि पर नवनिर्मित भव्य राम मंदिर के पहले तल पर स्थित राजदरबार में आज श्रीराम विराजमान हो गए। रामलला की मूर्ति का पहला प्राण-प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में किया गया था। उस समय राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी।

PunjabKesari
अयोध्या में रसिक निवास मंदिर के मुख्य पुजारी महंत रघुवर शरण ने कहा- ‘‘इस साल गंगा दशहरा पवित्र होने के साथ-साथ ऐतिहासिक भी होगा क्योंकि 500 ​​वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद भगवान राम ‘राजा राम' के अपने स्वरूप में भव्य राम मंदिर की पहली मंजिल पर औपचारिक रूप से प्रतिष्ठित किए जाएंगे। इस अवसर पर अयोध्या में उत्साह, भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।'' श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के न्यासी अनिल मिश्रा ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पूर्वाह्न 11 बजकर 25 मिनट से 11 बजकर 40 मिनट के बीच हुआ। 

PunjabKesari
हिंदू धर्म शास्त्रों के मुताबिक, गंगा दशहरा वह दिन होता है जब राजा भगीरथ की तपस्या से प्रभावित होकर पवित्र नदी गंगा भगवान शिव की जटाओं से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। इस दिन को बहुत शुभ माना जाता है और यह पुण्य, तपस्या एवं मानवता के सामूहिक कल्याण का प्रतीक है। अयोध्या के ज्योतिषी पंडित कल्कि राम ने बताया कि गंगा दशहरा पर किया गया कोई भी शुभ कार्य कई गुना फल देता है। उन्होंने कहा- "शायद यही वजह है कि राम मंदिर न्यास ने राजा राम के अभिषेक के लिए इस दिन को चुना।" मुख्य राम दरबार के अलावा, राम मंदिर परिसर के भीतर आठ अन्य मंदिरों में भी मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा बृहस्पतिवार को होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static