''सुना था मारपीट झोपड़-पट्टियों में ही होती है..'' करण-निशा की लड़ाई पर बोले राजू श्रीवास्तव

punjabkesari.in Friday, Jun 04, 2021 - 01:02 PM (IST)

टीवी के फेमस कपल करण मेहरा और निशा रावल की पर्सनल लाइफ सुर्खियों में बनी हुई है। निशा ने करण पर उनके साथ मारपीट करने और उनका सिर दीवार पर मारने का आरोप लगाया है। जबकि करण ने निशा के इन सभी आरोपों को झूठ बताया है। कपल के विवाद पर कई टीवी स्टार्स अपना रिएक्शन दे रहे हैं। वहीं अब इन स्टार्स के बीच काॅमेडियन राजू श्रीवास्तव का नाम भी शामिल हो गया है। कपल के घरेलू हिंसा विवाद पर काॅमेडियन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। 

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में राजू श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों को काॅम्प्रोमाइज करना चाहिए। ईगो क्लैश के कारण कई बार पति-पत्नी के बीच झगड़े होते हैं। अगर दोनों में से किसी के एक के अंदर भी ईगो वाली बात आ जाती है तो किसी की जिंदगी नहीं चल पाती। राजू श्रीवास्तव ने आगे कहा, 'मैंने सुना था कि मारपीट झोपड़ पट्टियों में होती है। रिक्शावाले दारू पीकर करते हैं। समझदार लोग भी करते हैं यह जानकर दुख होता है।' 

काॅमेडियन आगे कहते हैं कि यह परिवार के बीच का निजी मामला है। दोनों ही एक्टर हैं और लोग इन्हें फाॅलो करते हैं। टीवी शो और सीरियल्स में ये बहुत बड़ी-बडी बातें करते हैं। डायलाॅग्स में सीख देने की बात करते हैं लेकिन रियल लाइफ में उल्टा बर्ताव करते हैं। यह जानकर बहुत दुख होता है। करण और निशा दोनों मैच्योर हैं और अपना भला-बुरा जानते हैं। इन्हें अपनी लड़ाई-झगड़े घर के अंदर ही खत्म कर लेने चाहिए थे। 

बता दें कि करण ने निशा से 24 नवंबर 2012 को शादी की थी। दोनों ने एक-दूसरे को 6 साल डेट करने के बाद शादी करने का फैसला लिया था। करण ने निशा को पहली बार फिल्म 'हंसते हंसते' के सेट पर देखा था। तब करण वहां एक फैशन डिजाइनर के तौर पर काम कर रहे थे। साल 2017 में निशा और करण एक बेटे के पेरेंट्स बने थे। 

Content Writer

Bhawna sharma