क्वीन एलिजाबेथ ने प्रिंस फिलिप के अंतिम संस्कार में पहना डायमंड ब्रोच, जानें इसकी हिस्ट्री

punjabkesari.in Tuesday, Apr 20, 2021 - 03:20 PM (IST)

ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का अंतिम संस्कार शनिवार को विंडसर कासल के सेंट जॉर्ज चैपल में किया गया। इस दौरान सभी मीडिया की निगाहें अंत्येष्टि समारोह में पहुंची उनकी पत्नी क्वीन एलिजाबेथ पर टिकीं हुई थी। अंत्येष्टि समारोह में क्वीन एलिजाबेथ पहले की तरह बड़ी ही शांत दिखाई दीं। इस दौरान उन्होंने ब्लैक ड्रैस के साथ आकर्षक हैट, फेस मास्क और एक बड़ा पर्ल डायमंड ब्रोच पहना हुआ था। 

इस पर्ल डायमंड ब्रोच की भी अपनी एक अलग राॅयल कहानी है। दरअसल, यह रिचमंड ब्रोच, क्वीन एलिजाबेथ की कलेक्शन का सबसे बड़ा हिस्सा है। यह ब्रोच पहली बार उनकी दादी क्वीन मैरी को 1893 में एक वेडिंग प्रैसेंट के रूप में दिया गया था। क्वीन मैरी नियमित रूप से इसे एक नेक्लैस के तौर पर पहना करतीं थी, लेकिन क्वीन एलिजाबेथ इसे ब्रोच के रूप में पसंद करतीं हैं, हालांकि अपने शुरुआती शासनकाल के दौरान उन्होंने इसे बहुत कम बार पहना है। 

लेकिन पिछले कुछ सालों में, क्वीन कई अवसरों पर इस ब्रोच के साथ दिखाई दीं।  2018 में सेंट जॉर्ज चैपल में हुई प्रिंस हैरी और मेघन मार्कल की शादी में भी क्वीन एलिजाबेथ ने यह ब्रोच अपनी ड्रैस पर लगाया हुआ था। सिलब्रेशन समारोह के अलावा  2014 और 2018 रॉयल ब्रिटिश लीजन फेस्टिवल ऑफ रिमेंबर जैसे गंभीर मौकों पर  भी क्वीन को इस ब्रोच के साथ देखा गया, इस सभा मे मौजुद हर शख्स की निगाहें आकर्षक ब्रोच पर ही टिकी हुईं थी। 

गौरतलब है कि 9 अप्रैल को प्रिंस फिलिप का 99 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। प्रिंस फिलिप को ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग का सम्मान हासिल था। प्रिंस फिलिप से महारानी एलिजाबेथ की शादी वर्ष 1947 में हुई थी, दोनों की शादी को 73 साल का समय हो चुका है।

Content Writer

Vandana