एकजुट हो सकता है शाही परिवार! सालों बाद एक साथ दिखे प्रिंस विलियम और प्रिंस हैरी

punjabkesari.in Monday, Sep 12, 2022 - 11:01 AM (IST)

शाही परिवार के रिश्तों में सुधार होता दिखाई दे रहा है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर, ब्रिटेन के राजकुमार विलियम और उनकी पत्नी केट को राजकुमार हैरी और उनकी पत्नी मेगन के साथ देखा गया। काफी समय बाद इन चारों को एक साथ देखा गया। 

विलियम और हैरी को मार्च 2020 के बाद पहली बार सार्वजनिक तौर पर एक साथ देखा गया । अब वह दोनों अपनी पत्नियों के साथ विंडसर कैसल के बाहर, महारानी को श्रद्धांजलि देने आए लोगों की भीड़ का अभिवादन करते नजर आए।


प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी कैथरीन मिडलटन ने प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्कल के साथ मिलकर विंडसर कासल के गेट पर मौजूद शुभचिंतकों से मुलाकात की और फिर  एलिजाबेथ द्वितीय को पुष्पांजलि अर्पित की।  दोनों दंपति ने महारानी के सम्मान में जनता द्वारा अर्पित गुलदस्तों पर लिखे संदेश भी पढ़े।


दोनों राजकुमारों और उनकी पत्नियों ने विंडसर कैसल के द्वार के बाहर लगे अवरोधकों के पार खड़ी शुभचिंतकों की भीड़ का हाथ लहराकर अभिनंदन भी किया। विलियम और केट को जनता से हाथ मिलाते और बात करते हुए देखा गया।


बता दें कि सिंहासन के उत्तराधिकारियों की पंक्ति में दूसरे स्थान पर रहे विलियम, अपने पिता महाराजा चार्ल्स तृतीय के राजा बनने के बाद, पहले उत्तराधिकारी बन गए हैं। महारानी एलिजाबेथ के निधन के बाद, चार्ल्स स्वाभाविक तौर पर राजा बन गए हैं। इसका अर्थ यह हुआ कि नए शासक के आने के साथ ही राजपरिवार में विलियम और केट की केंद्रीय भूमिका बढ़ जाएगी।


हैरी द्वारा दो साल पहले शाही दायित्वों का परित्याग करने और अमेरिका जाने के बाद विलियम और हैरी के बीच रिश्ते अच्छे नहीं रहे। कहा जा रहा है कि शनिवार को उनकी एकता के प्रदर्शन की पहल विलियम ने की थी।

कुछ जानकारों का यह भी मानना है कि 37 वर्षीय हैरी पुनः राजपरिवार में शामिल हो सकते हैं और अपने बड़े भाई की मदद करने के लिए उनकी जिम्मेदारियों का बोझ साझा कर सकते हैं। वीरवार तक उनके  बीच एक अवरोधक था लेकिन अब वह हट गया है। 

Content Writer

vasudha