महारानी एलिजाबेथ की मुस्कान को याद कर प्रिंस हैरी बोले- दादी और दादा का हो गया है मिलन

punjabkesari.in Monday, Sep 12, 2022 - 06:13 PM (IST)

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद पहले आधिकारिक वक्तव्य में प्रिंस हैरी ने अपनी दादी के साथ बिताए पलों काे याद किया। प्रिंस हैरी ने  पहली बार अपनी ‘‘दादी’’ महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी अच्छी सलाह और मनमोहक मुस्कान’’ को याद किया और कहा कि उन्हें यह जानकर तसल्ली मिली है कि उनका उनके दादा प्रिंस फिलिप से पुनर्मिलन हो गया है।

हैरी और उनकी पत्नी मेगन की आर्चवेल वेबसाइट पर  प्रकाशित एक बयान में कहा गया कि हैरी ने ‘‘आपके साथ बचपन से जुड़ी यादों से लेकर कमांडर-इन-चीफ के तौर पर पहली बार आपसे मुलाकात, मेरी प्रिय पत्नी से आपकी मुलाकात और आपके प्यारे पड़पोते को गले लगाने तक एक साथ बिताए अपने वक्त को याद किया।’’


गौरतलब है कि हैरी दो साल पहले शाही परिवार से अलग होकर अमेरिका में बस गए। उन्होंने शनिवार को अपनी पत्नी मेगन तथा अपने भाई प्रिंस विलियम और भाभी कैथरीन के साथ विंडसर कैसल के बाहर शोकाकुल लोगों से मुलाकात की।हैरी ने ‘महाराज चार्ल्स तृतीय के रूप में’ अपने पिता की नयी भूमिका की भी सराहना की।


हैरी ने अपने बयान में लिखा-‘‘अपनी दादी महामहिम महारानी के जीवन का जश्न और उन्हें खोने का दुख..... हमें याद है कि उन्होंने सेवा तथा कर्तव्य के पथ पर आगे बढ़ते हुए असंख्य लोगों का मार्गदर्शन किया। दुनियाभर में उनकी सराहना तथा सम्मान किया जाता है। सेवा के प्रति आपकी प्रतिबद्धता के लिए शुक्रिया। आपकी अच्छी सलाह के लिए शुक्रिया। आपकी मनमोहक मुस्कान के लिए आपका शुक्रिया। हम भी यह जानकर मुस्कुराते हैं कि आप और दादा अब फिर से मिल गए हो और दोनों शांति में हो।’’

स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कैसल में महारानी के निधन के एक दिन बाद शुक्रवार को देश को दिए अपने पहले संबोधन में महाराज चार्ल्स ने प्रिंस हैरी तथा मेगन के लिए अपने प्रेम को व्यक्त किया था। दरअसल, ऐसी खबरें थीं कि शाही परिवार से अलग होने के बाद पिता और पुत्र के बीच तनाव है।

Content Writer

vasudha