शाही परिवार से अलग हुए प्रिंस हैरी और मेगन, क्या बदल जाएगी कपल की जिंदगी?

punjabkesari.in Saturday, Feb 20, 2021 - 12:08 PM (IST)

महारानी एलिजाबेथ के पोते और ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी डचेस ऑफ ससेक्स मेगन मार्कल इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। इसकी वजह कोई शाही फंक्शन या उनका फैशन नहीं है। दरअसल, प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल शाही परिवार के सदस्य के तौर पर वापसी नहीं करेंगे। उन्होंने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को अपने इस फैसले के बारे में बताया है। वहीं बीते दिन बकिंघम पैलेस में इस बात की घोषणा भी कर दी गई है। 

आम नागरिक कहलाए जाएंगे हैरी और मेगन 

बकिंघम पैलेस की तरफ से दिए एक बयान में कहा गया है, "ड्यूक एंड डचेस ऑफ ससेक्स ने महारानी को यह कंफर्म कर दिया है कि वे द रॉयल फैमिली में सदस्य के रूप में वापिस नहीं लौटेंगे।" दोनों से शाही उपाधियों को वापस ले लिया गया है। अब प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल भी आम नागरिक कहलाए जाएंगे। शाही सदस्यता छोड़ने के बाद दोनों कैलीफोर्निया में रहेंगे। 

शाही ठाठ-बाठ वापिस ले लिए जाएंगे

बताया जा रहा है कि उपाधियां को छोड़ने के बाद 31 मार्च से आधिकारिक तौर पर बकिंघम पैलेस में उनका दफ्तर भी बंद हो जाएगा। वहीं दोनों की सुरक्षा में लगे सिक्योरिटी गार्ड्स भी हटा लिए जाएंगे। अगर कपल अपने सुरक्षाकर्मी रखते भी हैं तो उन्हें खुद ही उनका खर्चा देना होगा।

आत्मनिर्भर बनना चाहता है कपल

प्रिंसेज मेगन अक्सर यह कहती आई है कि वे खुद अपने खर्चे उठाना चाहती हैं। कपल ने शाही परिवार को छोड़ने के पीछे भी यही वजह बताई थी कि वे आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर होना चाहते हैं। 

बता दें पिछले साल प्रिंस हैरी ने अपनी पत्नी मेगन मर्केल के साथ शाही विरासत छोड़ने का फैसला कर लिया था। उनका कहना था कि वह अपना समय मीडिया से दूर उत्तर अमेरिका में बिताना चाहते हैं, जिसके चलते उन्होंने इतना बड़ा कदम उठाने की सोची। प्रिंस हैरी ने बयान जारी कर कहा था कि हम शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्यों की भूमिका से हटकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं। 

Content Writer

Bhawna sharma