देश की सबसे युवा प्रोफेशनल Tractor Driver, लड़कियों को नई राह दिखा रही 19 साल की पिंकी

punjabkesari.in Thursday, Jan 14, 2021 - 03:57 PM (IST)

कौन कहता है कि लड़कियां खेल नहीं जोत सकती या टैक्टर नहीं चला सकती। आज की नारी ने यह साबित कर दिया है कि वो सिर्फ चूल्हा चौका ही नहीं संभाल सकती बल्कि खेतों में जाकर किसानी भी कर सकती हैं। इस बात की ताजी उदाहरण है पिंकी रानी, जो महज 19 साल की उम्र में प्रोफेशनल ट्रैक्टर ड्राइवर बन गई है।

देश की सबसे युवा प्रोफेशनल ट्रैक्टर ड्राईवर

हरियाणा, हिसार के ढंढूर गांव की रहने वाली पिंकी रानी ने देश की सबसे युवा प्रोफेशनल ट्रैक्टर ड्राइवर बनकर यह साबित कर दिया है कि लड़कियों के लिए कोई भी काम मुश्किल नहीं है। बता दें कि पिंकी को ट्रैक्टर चलाने का कोर्स और रिकॉर्ड बनाने के लिए राह क्लब हिसार के अध्यक्ष सूर्यकांत शर्मा ने प्रेरित किया था।

पहले भी कई लड़कियां ले चुकीं है ट्रेनिंग लेकिन...

हालांकि इससे पहले जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, उत्तरप्रदेश व मध्यप्रदेश में लड़कियों ने प्रोफेशनल ट्रैक्टर चलाने की ट्रेनिंग ली है लेकिन उन सभी की उम्र कम से कम 21 से 24 थी। ऐसे में पिंकी ही प्रोफेशनल ट्रैक्टर चलाने वाली देश की सबसे युवा ड्राईवर है।

कई संस्थाओं ने किया सम्मानित

उन्होंने अपनी ट्रेनिंग उत्तरी क्षेत्र कृषि मशीनरी प्रशिक्षण संस्थान हिसार (टीटीसी) से पूरी की है। लड़कियों को नई राह दिखा रही पिंकी को कई संस्थाओं की तरफ से सम्मानित भी किया गया है। सामाजिक संस्था राह ग्रुप फाउंडेशन की ओर से उनके सम्मान के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए।

गांव की पंचायत ने भी किया सम्मानित

यहीं नहीं उनके गांव वाले भी पिंकी की सफलता से काफी गर्व महसूस कर रहे हैं। इसके अलावा गांव की पंचायत ने भी पिंकी को सम्मानित किया। इसके अलावा गणतंत्र दिवस (26 जनवरी, 2021) पर उनके सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

पशु पालन विभाग में काम करती हैं मां

बता दें कि पिंकी की मां कौशल्या देवी पशु पालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के तौर पर अपनी सेवाएं देती हैं। उनके 4 भाई-बहन है, जिसमें पिंकी सबसे छोटी हैं। गांव के सरपंच ने कहा कि पिंकी की यह कोशिश दूसरी लड़कियों को आगे बढ़ने की प्ररेणा देगी।

Content Writer

Anjali Rajput