पीरियड्स की परेशानी से राहत पाने के लिए इस खास औषधि का करें इस्तेमाल
punjabkesari.in Thursday, May 15, 2025 - 04:16 PM (IST)

नारी डेस्क: आज की तेज़ रफ्तार और अस्वस्थ जीवनशैली में महिलाओं को मासिक धर्म से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पेट में तेज़ दर्द, ऐंठन, सूजन और अनियमित पीरियड्स जैसी समस्याएं आम हो चुकी हैं। इनसे राहत पाने के लिए महिलाएं कई तरह के इलाज और उपाय अपनाती हैं, लेकिन कई बार राहत नहीं मिलती। ऐसे में आयुर्वेद में एक चमत्कारी उपाय बताया गया है, जो न केवल इन समस्याओं को दूर करता है, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य में भी सुधार लाता है — और वो है साप्पन की लकड़ी, जिसे पटरंगा या पाथिमुघम भी कहा जाता है।
क्या है साप्पन की लकड़ी?
साप्पन की लकड़ी एक आयुर्वेदिक औषधि है, जो दिखने में चंदन की लकड़ी जैसी होती है और कई रोगों में लाभकारी मानी जाती है। इसमें प्राकृतिक औषधीय गुण होते हैं जो महिलाओं के मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद करते हैं।
सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट मुनमुन गनेरीवाल की सलाह
मुनमुन गनेरीवाल, जो एक जानी-मानी न्यूट्रिशनिस्ट हैं, उन्होंने बताया कि साप्पन की लकड़ी से बनी चाय या काढ़ा पीने से महिलाओं को पीरियड्स के समय दर्द, ऐंठन और अनियमितता में काफी राहत मिलती है। इसका सेवन करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और त्वचा भी निखरती है।
पीरियड्स में कैसे फायदेमंद है साप्पन की लकड़ी?
दर्द और ऐंठन में राहत: मासिक धर्म के दौरान होने वाले पेट दर्द और ऐंठन को कम करने में सहायक है।
अनियमित पीरियड्स को करता है ठीक: हार्मोनल असंतुलन से होने वाली अनियमितता को दूर करता है।
त्वचा को बनाता है साफ और चमकदार: इसके सेवन से कील-मुहांसे, डार्क सर्कल और दाग-धब्बे भी दूर होते हैं।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है: शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है।
ये भी पढ़ें: Periods हेल्दी न होने पर शरीर देता है ये 5 संकेत, इन्हें न करें इग्नोर
साप्पन की लकड़ी का इस्तेमाल कैसे करें?
काढ़ा या चाय के रूप में
1 लीटर पानी में एक चुटकी साप्पन की लकड़ी डालें। इसे 5 मिनट तक उबालें। फिर छानकर एक थर्मस फ्लास्क में स्टोर कर लें। दिनभर गर्म पानी की तरह इसका सेवन करें। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता, लेकिन गर्भवती महिलाएं या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही महिलाएं इसे लेने से पहले डॉक्टर या आयुर्वेदाचार्य की सलाह जरूर लें।
क्या कहता है आयुर्वेद?
आयुर्वेद में साप्पन की लकड़ी को त्वचा रोगों, खून की सफाई और महिलाओं की प्रजनन क्षमता बढ़ाने में कारगर माना गया है। यह शरीर के भीतर की गर्मी को संतुलित करती है और मानसिक शांति भी देती है।
साप्पन की लकड़ी न केवल महिलाओं के मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं में फायदेमंद है, बल्कि यह एक सम्पूर्ण हर्बल टॉनिक की तरह काम करती है। इसका नियमित सेवन आपको दर्द से राहत देने के साथ-साथ आपके चेहरे पर भी निखार लाता है। सही जानकारी और मात्रा में इसका उपयोग करके महिलाएं अपने कठिन दिनों को थोड़ा आसान बना सकती हैं।