Periods लेट हो रहे हैं तो हर बार प्रेग्नेंसी नहीं, इन वजहों पर भी दें ध्यान

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 05:04 PM (IST)

 नारी डेस्क :  पीरियड्स का समय पर न आना महिलाओं के लिए चिंता की वजह बन जाता है। खासकर जब पीरियड्स कुछ दिन लेट हों तो सबसे पहले प्रेग्नेंसी का ख्याल आता है। हालांकि, हर बार पीरियड्स देर से आने की वजह प्रेग्नेंसी नहीं होती। शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव, तनाव, वजन में अचानक बदलाव और कुछ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी इसके पीछे जिम्मेदार हो सकती हैं। नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) के मुताबिक, पीरियड्स के अनियमित होने के कई कारण हो सकते हैं, जिनके बारे में महिलाओं को जानकारी होनी चाहिए।

लगातार तनाव भी बिगाड़ सकता है पीरियड्स का साइकल

आजकल काम, परिवार और निजी जिंदगी से जुड़ा तनाव महिलाओं की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। लेकिन अगर कोई महिला लंबे समय तक स्ट्रेस में रहती है तो इसका असर शरीर के हार्मोनल सिस्टम पर पड़ सकता है। ज्यादा तनाव की वजह से पीरियड्स का साइकल सामान्य से लंबा या छोटा हो सकता है। कुछ महिलाओं में ज्यादा तनाव के कारण पीरियड्स कुछ समय के लिए रुक भी सकते हैं। इसलिए अगर हाल के दिनों में तनाव काफी बढ़ा है और इसी दौरान पीरियड्स लेट हुए हैं, तो इसे भी एक संभावित कारण माना जा सकता है।

PunjabKesari

वजन तेजी से बढ़ना या कम होना

शरीर का वजन अचानक बढ़ना या कम होना भी पीरियड्स के पैटर्न को प्रभावित कर सकता है। खासकर बहुत तेजी से वजन घटाने, बेहद कम कैलोरी लेने या सख्त डाइट फॉलो करने की स्थिति में शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती। इसका असर हार्मोन के संतुलन और ओव्यूलेशन पर पड़ सकता है, जिसके चलते पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं। वहीं, अचानक वजन बढ़ने की स्थिति में भी शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव पीरियड्स के साइकल को प्रभावित कर सकते हैं।

PCOS भी हो सकती है पीरियड्स लेट होने की वजह

पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम यानी PCOS महिलाओं में अनियमित पीरियड्स की एक आम वजह हो सकती है। इस स्थिति में ओव्यूलेशन नियमित रूप से नहीं हो पाता, जिसकी वजह से दो पीरियड्स के बीच का अंतर बढ़ सकता है। अगर पीरियड्स बार-बार लेट हो रहे हैं और इसके साथ वजन बढ़ना, चेहरे पर ज्यादा बाल आना, मुंहासे या बाल झड़ने जैसी परेशानियां भी नजर आ रही हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

ये भी पढ़ें:  Imtiaz Ali की बेटी ने की सगाई, होने वाले दामाद को मिला ससुर का आशीर्वाद

थायराइड में बदलाव को भी न करें नजरअंदाज

थायराइड हार्मोन में होने वाला बदलाव भी पीरियड्स के साइकल पर असर डाल सकता है। थायराइड की समस्या होने पर कुछ महिलाओं के पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं या कुछ समय के लिए रुक भी सकते हैं। अगर पीरियड्स में बदलाव के साथ लगातार थकान, वजन का अचानक बढ़ना या कम होना, त्वचा में बदलाव या बालों से जुड़ी परेशानी दिखाई दे रही है, तो इसे नजरअंदाज करने के बजाय एक्सपर्ट से सलाह लेना बेहतर है।

बहुत ज्यादा एक्सरसाइज करने से भी हो सकता है असर

एक्सरसाइज शरीर को फिट रखने के लिए जरूरी है, लेकिन अचानक बहुत ज्यादा वर्कआउट शुरू करना या शरीर पर जरूरत से ज्यादा शारीरिक दबाव डालना पीरियड्स को प्रभावित कर सकता है। खासकर जब शरीर को एक्सरसाइज के मुकाबले पर्याप्त ऊर्जा और पोषण नहीं मिल रहा हो, तब ओव्यूलेशन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में पीरियड्स देर से आने या कुछ समय के लिए रुकने की स्थिति बन सकती है।

PunjabKesari

कब डॉक्टर से बात करनी चाहिए?

पीरियड्स कभी-कभार कुछ दिन आगे-पीछे होना सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर पीरियड्स बार-बार अनियमित हो रहे हैं, लंबे समय तक नहीं आ रहे हैं या इसके साथ वजन में बदलाव, ज्यादा मुंहासे, चेहरे पर बाल बढ़ना, लगातार थकान जैसी दूसरी परेशानियां भी हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। वहीं, अगर प्रेग्नेंसी की संभावना है और पीरियड्स मिस हुए हैं, तो प्रेग्नेंसी टेस्ट करना भी उचित रहेगा।
 

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static