स्वाद से खाएंगे मेहमान खाना, डिनर में फटाफट से बनाएं पनीर मखमली

punjabkesari.in Monday, Oct 17, 2022 - 01:06 PM (IST)

भारतीय घरों में किसी खास मौके पर पनीर की सब्जी बनाई जाती है। आपको पनीर में कई तरह की वैराइटीज भी मिल जाएंगी। जिन्हें आप चाव से खा सकते हैं। शाही पनीर, पनीर की भुर्जी, आलू पनीर आदि। लेकिन घर में अगर मेहमान आ जाए तो ऐसे में महिलाएं थोड़ी कंफ्यूज हो जाती हैं। अगर इस बार आप पनीर के साथ कुछ टेस्टी रेसिपी बनाना चाहते हैं तो पनीर मखमली बना सकते हैं। चलिए जानते हैं इसे बनाने की विधि के बारे में...

सामग्री 

पनीर - 300 ग्राम 
बादाम - 8-9
टमाटर - 6-7
प्याज -  3-4
अदरक-लहसुन का पेस्ट - 3 टीस्पून  
धनिया पाउडर - 2 टीस्पून 
हल्दी - 1 चम्मच 
लाल मिर्च पाउडर - 1/2 चम्मच  
तेल - 4-5 टेबलस्पून 
चीनी - 2 टीस्पून 
पानी - 1 कप 
धनिया - 1 कप 

बनाने की विधि 

1. सबसे पहले बादाम को आप एक रात पहले ही पानी में भिगोकर रख दें। 
2. इसके बाद पनीर को टुकड़ों में काट लें। प्याज को भी आप बारीक-बारीक टुकड़ों में काटकर रख लें।
3. एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और उसमें प्याज डालकर भून लें। प्याज जैसे ब्राउन होने लगे तो इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डाल दें। 
4. इन दोनों चीजों को अच्छे से भून लें। इतने में टमाटर और बादाम मिक्सर में डालकर पेस्ट तैयार कर लें। 
5. जैसे प्याज का मिश्रण पक जाए तो उसमें टमाटर और बादाम का पेस्ट मिला दें। 
6. अब इसमें धनिया पाउडर, हल्दी मिर्च पाउडर मिलाएं और अच्छे से पकने दें। 
7. जैसे ही सारे मसाले पक जाए तो इसमें पनीर डाल दें। पनीर को करछी की मदद से मिक्स करें। 
8. इसके बाद एक कटोरी में थोड़ा से पानी में चीनी और नमक मिलाएं। 
9. दोनों चीजों को अच्छे से पानी में मिक्स करें। इसके बाद इसे सब्जी में डाल दें। 
10. सब्जी धीमी आंच पर पकने दें। जैसे ग्रेवी तेल छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दें। 
11. आपकी टेस्टी पनीर मखमली बनकर तैयार है। धनिया के साथ गर्निश करके रोटी या परांठे के साथ सर्व करें।

Content Writer

palak