पदि्मनी प्रकाश : देश की पहली ट्रांसजैंडर न्यूज एंकर

punjabkesari.in Thursday, Nov 25, 2021 - 03:58 PM (IST)

पद्मिनी प्रकाश देश की पहली ट्रांसजैंडर न्यूज एंकर हैं। तमिलनाडु की रहने वाली पद्मिनी की किस्मत उस वक्त चमकी जब साल 2014 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्हें एक स्थानीय न्यूज चैनल में शाम 7 बजे वाले प्रोग्राम में न्यूज एंकरिंग करने का मौका मिला। कभी प्रताड़नाओं और तिरस्कार से हार मानकर आत्महत्या की कोशिश करने वाली पद्मिनी आज सम्मान के साथ अपनी जिंदगी बिता रही हैं।

13 साल की उम्र में आत्महत्या की कोशिश

पद्मिनी को बचपन से ही ट्रांसजैंडर होने की वजह से समाज के ताने सुनने पड़ते थे। उन्हें कभी भी अपने घर वालों का साथ नहीं मिला। सामाजिक तिरस्कार और हीन भावना के कारण उन्होंने  13 साल की उम्र में आत्महत्या करने की कोशिश की लेकिन कुछ दोस्तों ने उन्हें बचा लिया। दोस्तों के परिवार वालों ने ही उनकी परवरिश की।

2004 में ऑप्रेशन से बनीं महिला

दोस्तों के परिवार वालों ने पद्मिनी को पढ़ाया-लिखाया और जीने की अलग राह दी लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से उन्हें बीच में ही ग्रैजुएशन की पढ़ाई छोड़नी पड़ी। फिर साल 2004 में उन्होंने ऑप्रेशन करवाकर खुद को महिला बना लिया और अपने बचपन के दोस्त से शादी कर ली। उनका एक बच्चा भी है, जिसे उन्होंने गोद लिया है।

जीत चुकी हैं ब्यूटी कॉन्टैस्ट

न्यूज एंकर बनने से पहले पद्मिनी साल 2007 में ‘मिस ट्रांसजैंडर तमिलनाडु’ और ‘मिस ट्रांसजैंडर इंडिया 2009’ का खिताब जीत चुकी हैं। उन्होंने कुछ साल एक्टर के रूप में भी एक टी.वी. सीरियल में काम किया।

ट्रांसजैंडर्स के लिए लड़ रही हैं लड़ाई

भले ही पद्मिनी को इतने संघर्ष के बाद सम्मान और प्यार मिला लेकिन ऐसे बहुत से ट्रांसजैंडर्स हैं जिन्हें आज भी समाजहीन भावना से देखता है। पद्मिनी समाज से उनके हक के लिए भी लड़ रही हैं। वह चाहती हैं कि सरकार के बाद समाज भी थर्ड जैंडर को मान्यता दे।

News Editor

Shiwani Singh