औकात में रहो...',ओरी ने कॉमेडियन Samay Raina को दी वार्निंग
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 12:40 PM (IST)
नारी डेस्क: कॉमेडियन समय रैना का चर्चित शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' सीजन 2 एक बार फिर सुर्खियों में है। शो के नए एपिसोड में सोशल मीडिया पर्सनैलिटी ओरहान अवत्रामाणी उर्फ ओरी, एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह, निशांत सूरी और शेरोन वर्मा बतौर गेस्ट पहुंचे। एपिसोड में शुरुआत से ही हंसी-मजाक और एक-दूसरे की टांग खिंचाई का दौर देखने को मिला। इस दौरान ओरी और समय रैना के बीच हुई नोकझोंक ने खास तौर पर ध्यान खींचा। दोनों ने एक-दूसरे को जमकर रोस्ट किया और इसी बातचीत के बीच ओरी ने समय को मजाकिया अंदाज में 'औकात में रहने' की सलाह तक दे डाली। शो की कुछ क्लिप्स अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं।
ओरी ने समय को दी 'बी केयरफुल' वाली चेतावनी
एपिसोड के दौरान ओरी ने बताया कि वह खास तौर पर शो की शूटिंग के लिए लंदन से आए हैं। उन्होंने मजाक में कहा कि यह पहली बार है जब वह किसी ऐसे पैनल का हिस्सा बने हैं, जहां वह खुद के अलावा किसी और को नहीं जानते। ओरी की इस बात पर समय रैना ने उनकी टांग खींचनी शुरू कर दी। समय ने ओरी के पुराने इंटरव्यू का जिक्र करते हुए उन्हें याद दिलाया कि उन्होंने कभी कहा था कि वह ऐसा नाम बनना चाहते हैं, जिसे हर घर में लोग पहचानें। इसके बाद दोनों के बीच मजेदार बहस शुरू हो गई। ओरी ने समय को चेतावनी देते हुए कहा, 'जिन लोगों से मेरी जान-पहचान है ना, तुम अंदर जाओगे तो तुम बाहर नहीं आओगे इस बार। बी केयरफुल। औकात में रहो।' ओरी की इस बात पर समय भी पीछे नहीं हटे। उन्होंने मजाक में पूछ लिया, 'कहां डालेगा?' इसके बाद समय ने गुजरात के एक एनिमल कंजर्वेशन प्रोजेक्ट का नाम लिया।
'बंदरों को वहीं डालते हैं...' ओरी का जवाब
समय के सवाल पर ओरी ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'बंदरों को वहीं डालते हैं।' इसके बाद उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि अगर समय वहां रहने लगेंगे तो उनकी जिंदगी बेहतर हो जाएगी और उन्हें इस तरह की 'बकवास' करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दोनों के बीच हुई यह नोकझोंक पूरी तरह मजाकिया अंदाज में नजर आई और दर्शकों को भी खूब एंटरटेन करती दिखी। सोशल मीडिया पर सामने आई क्लिप्स में ओरी और समय एक-दूसरे की बातों का जवाब देते नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: श्वेता तिवारी को अपशब्द कहने वाले तक 3 दिन में पहुंची MNS, मंगवाई लिखित माफी
समय रैना ने अर्चना पूरन सिंह को भी नहीं छोड़ा
शो में अर्चना पूरन सिंह भी समय रैना के निशाने पर रहीं। बातचीत के दौरान समय ने पहले अर्चना के मशहूर किरदार मिसेज ब्रिगेंजा का जिक्र किया, जिसे उन्होंने फिल्म 'कुछ कुछ होता है' में निभाया था। हालांकि तारीफ करने के तुरंत बाद समय ने अर्चना की उम्र को लेकर मजाक करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म के समय से लेकर अब तक अर्चना एक दिन भी बूढ़ी नहीं हुईं, बल्कि उनकी उम्र दशकों में बढ़ गई है। अर्चना ने भी बिना देर किए समय को पलटकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर दशकों की उम्र बढ़ने के बावजूद वह ऐसी दिख रही हैं, तो समय को उनसे कुछ सीखना चाहिए। इस पर समय ने भी तुरंत मजाक करते हुए कहा, 'तो फिर अपने प्लास्टिक सर्जन का नंबर ही दे दो।' इस बातचीत के बाद सेट पर खूब हंसी-मजाक देखने को मिला।
अगले एपिसोड में राखी सावंत की एंट्री
एपिसोड के अंत में मेकर्स ने अगले एपिसोड का प्रोमो भी दिखाया। इसमें ड्रामा क्वीन राखी सावंत नजर आ रही हैं। प्रोमो में समय रैना अपने शो को लेकर बात करते हुए कहते हैं कि शुरुआती एपिसोड्स में उन्होंने थोड़ा संभलकर चलने की कोशिश की थी। समय के मुताबिक, इसके बाद कुछ लोगों को लगा कि शो में पहले जैसी बात नहीं रही। ऐसे में उन्होंने अगले एपिसोड के लिए राखी सावंत को बुलाने का फैसला किया। राखी सावंत की एंट्री के साथ अगले एपिसोड में किस तरह का ड्रामा और कॉमेडी देखने को मिलेगी, इसे लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।

फिलहाल 'इंडियाज गॉट लेटेंट' सीजन 2 का नया एपिसोड नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर स्ट्रीम किया जा रहा है। शो के इस एपिसोड की ओरी और समय रैना वाली क्लिप्स सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी हुई हैं।

