Celeb Story: ढाबे में धोए बर्तन, खुद की अपनी मौत की भविष्यवाणी और फिर एक दिन...

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2020 - 04:53 PM (IST)

ओमपुरी ने अपनी दमदार एक्टिंग से बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक पहचान बनाई। ओमपुरी अक्सर अपने बेबाक विवादों को लेकर चर्चा में रहें। ओमपुरी साल 2017 को इस दुनिया को अलविदा कह गए। ओमपुरी ने अपने मौत की भविष्यवाणी खुद ही कर ली थी। एक इंटरव्यू में ओम पुरी ने अपनी मौत के बारे में बात की थी और कहा था कि उनकी मौत अचानक ही होगी। मार्च 2015 में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ''मृत्यु का तो आपको पता भी नहीं चलेगा। सोए-सोए चल देंगे। (मेरे निधन के बारे में) आपको पता चलेगा कि ओम पुरी का कल सुबह 7 बजकर 22 मिनट पर निधन हो गया'' और ये कहकर वो हंस दिए। हुआ भी कुछ ऐसा ही था। ओम पुरी का शव नग्न अवस्था में उनके घर पर मिला था। उनकी मौत की वजह दिल का दौरा बताई गई।

कई महिलाओं के साथ थे संबंध

ओमपुरी अपने लव अफेयर्स को लेकर भी काफी चर्चा में रहे। उनकी दूसरी पत्नी नंदिता पुरी द्वारा लिखी उनकी जीवनी 'अनलाइकली हीरो : द स्टोरी ऑफ ओम पुरी' में उनके अफयर्स के बारे में कई बातें लिखी गई। किताब के मुताबिक ओमपुरी के  कई महिलाओं के साथ संबंध थे। वहीं ओमपुरी का कहना था कि नंदिता ने ये बातें जगजाहिर कर उनके चाहने वालों के बीच उनकी छवि को गिरा दिया।

किताब में इस बात का ज़िक्र किया गया है कि जब ओम पुरी 14 साल के थे तब उनके संबंध 55 साल की एक नौकरानी से थे। जब एक इंटरव्यू में ओमपुरी से इस बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था, ‘आप मुझे एक बात बताइए, इसमें 14 साल के बच्चे का कुसूर है या 55 साल की औरत का?’

नंदिता पूरी ने यह भी लिखा है कि जब वो 37 साल के थे तब उनके संबंध एक कम उम्र की नौकरानी से थे। खुद इस बारे में ओमपुरी ने कहा था, ‘मतलब जो पांच साल छोटी है वो कम उम्र की हो गई। एक तो ये कि मेरे लिए वो कोई नौकरानी नहीं थीं। मेरे पिताजी 80 साल के थे तो वो उनकी देखरेख करती थीं। उस वक़्त पंजाब में टेररिज्म अपने पीक पर था। मेरे 3 भतीजे थे जो पढ़ाई करते थे। मैं शूटिंग के लिए अक्सर कई – कई दिन बाहर रहता था। तब वो सबकी देखभाल करती थीं। और उनसे मेरे तालुकात हुए। मैं उस वक़्त शादीशुदा भी नहीं था 37 साल के आदमी को कुछ ज़रूरत नहीं होती क्या? और वो एक तलाकशुदा औरत थीं।’

दूसरी पत्नी ने खोले थे ओमपुरी की जिंदगी के राज

बता दें कि ओम पुरी ने दो शादियां की थी। 1990 में उन्होंने सीमा कपूर से पहली शादी की थी। दोनों करीब 11 साल से एक-दूसरे को जानते थे। सीमा ने ही ओम पुरी को शादी के लिए प्रपोज किया था। ओमपुरी की पहली शादी सालभर भी नहीं टिक पाई। शादीशुदा ओमपुरी का दिल जर्नलिस्ट नंदिता पुरी पर आ गया था। जब ओमपुरी की पत्नी सीमा को इस बात का पता चला तो वह पति का घर छोड़कर चली गई। खबरों की माने तो उस वक्त सीमा का मिसकैरेज हुआ था। महीनों बाद ओम पुरी ने उन्हें तलाक दे दिया था। सीमा ने नंदिता पर उनका घर तोड़ने के आरोप लगाए थे। तलाक के बाद 1993 में उन्होंने नंदिता पुरी से शादी की, जिससे उन्हें एक लड़का (इशान) भी है। नंदिता ने ओम पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। 2013 में दोनों अलग हुए थे।

आपको बता दें कि ओम पुरी ने अपना बचपन काफी गरीबी में बिताया। पंजाबी परिवार में जन्मे ओमपुरी के पिता भारतीय रेलवे में काम करते थे। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि जब वो 6 साल के थे तो एक ढाबे में बर्तन साफ किया करते थे। एक्टर को बचपन से ही फिल्मों का शौक था। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन लिया। एक्टिंग सीखते वक्त उन्हें इस बात का एहसास हुआ कि बाकी साथियों के मुकाबले उनकी इंग्लिश काफी खराब थी फिर उन्होंने इंग्लिश सीखी। उनकी इग्लिंश इतनी अच्छी हो गई थी कि उन्होंने अपने करियर में 20 अग्रेंजी फिल्मों में काम किया। भले ही ओमपुरी इस दुनिया में ना हो लेकिन अपनी एक्टिंग की वजह से वह आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। 

Content Writer

Priya dhir