डेयरी प्रोडक्ट्स ही नहीं, इन 10 चीजों में भी है भरपूर कैल्शियम

punjabkesari.in Sunday, Jun 03, 2018 - 05:29 PM (IST)

कैल्शियम किन-किन चीजों में पाया जाता है  : शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जितना विटामिन जरूरी होता है उतना ही कैल्शियम भी आवश्यक है। कैल्‍शियम हड्डियों को मजबूत बनाने तथा ब्‍लड सेल्‍स को बनाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी होने पर दांत दर्द, जोड़ों में अकड़न, हड्डियों कमजोर होना जैसी समस्याएं होने लगती हैं। कैल्शियम की पूर्ति के लिए आप दूध, चीज़, बटर, पनीर और अन्‍य डेयरी प्रोडक्‍ट्स का सेवन करते हैं लेकिन इसके अलावा भी बहुत-सी चीजों में भरपूर कैल्शियम होता है। आज हम आपको ऐसे ही कुछ कैल्शियम से भरपूर फूड्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिससे आप इसकी कमी को पूरा कर सकते हैं।

 

1. ओटमील
कैल्शियम से भरपूर ओटमील को आप आल्मंड बटर, चिया सीड्स, गर्म दूध में डालकर खा सकते हैं। इसमें कैल्शियम के साथ प्रोटीन और फाइबर भी होता है, जोकि आपकी भूख को कंट्रोल करके वजन बढ़ने से बचाता है। इसके साथ ही यह शरीर में कैल्शियम की कमी को पूरा करता है। इसलिए आप भी ब्रेकफास्‍ट के समय ओटमील का सेवन जरूर करें।

2. भिंडी
वैसे तो सभी सब्जियां खाना सेहत के लिए अच्छा होता है लेकिन भिंडी में भरपूर कैल्शयम के साथ एंटीऑक्सिडेंट्स गुण भी होते हैं। 100 ग्राम भिंडी में लगभग 82 मिलीग्राम कैल्‍शियम होता है। हफ्ते में सिर्फ 2 बार इसका सेवन आपको दांतो को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है।
 

3. सूखे मेवे और अनाज
अनाज और सूखे मेवे जैसे काजू, बादाम, अखरोट और मूंगफली में खूब कैल्शियम होता है, जोकि हड्डियों को स्ट्रांग करने के साथ कई प्रॉब्लम को दूर करने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें मौजूद विटामिन ई और एंटीऑक्सि़डेंट्स गुण त्वचा-बालों को पोषण देते हैं।
 

4. हरी सब्जियां
कैल्शियम की कमी को पूरा करने का सबसे अच्छा स्त्रोत है हरी पत्तेदार सब्जियां। इसलिए अपनी डाइट में कैल्शियम से भरपूर सरसों, ब्रोकली, पालक, गोभी आदि सब्जियों को शामिल करें। 100 ग्राम हरी पत्तेदार सब्जियों में करीब 100-190 मि.ग्रा तक कैल्शियम होता है।

5. मछली
अगर आप नॉन-वेजिटेरियन है तो मछली का सेवन भी कैल्शियम और विटामिन्स का अच्छा स्क्षोत है। रेड सैलोमन, कॉड, सैरडाइन्स और ट्यूना आदि मछलियों में भरपूर कैल्शियम, विटामिन डी और ओमेगा-3 फैटी होता है।
 

6. चीज और सोया मिल्‍क
मरमेसन मॉजरिल्‍ला या शैड्डर चीज और सोया मिल्‍क भी कैल्‍शियम से भरपूर होते हैं। सोया मिल्‍क में  300 एमजी कैल्‍शियम होता है, जोकि आपके लिए फायदेमंद होता है।
 

7. गुड़
शायद ही कोई जानता हो कि गुड़ भी कैल्शियम और फास्फोरस का अच्छा स्त्रोत है लेकिन इसका ज्यादा मात्रा में सेवन खतरनाक हो सकता है। इसलिए आप इसे रात को खाना खाने के बाद थोड़ा-सा खाएं। इससे आपको कैल्शियम भी मिल जाएगा और आपका पाचन तंत्र भी ठीक रहेगा।

8. टमाटर
टमाटर विटामिन K और कैल्शियम दोनों का अच्छा सोर्स होता है। इसलिए रोजाना टमाटर को अपनी डाइट में शामिल करें। टमाटर हड्डियों को तो मजबूत बनाता है साथ ही शरीर में कैल्शियम की कमी को भी पूरी करता है।
 

9. अंजीर
इसे भी कैल्शियम का अच्छा स्त्रोत माना जाता है। इसके नियमित सेवन से हड्डियों से संबंधित बीमारियां तो दूर भागती ही हैं साथ ही यह हड्डियों का विकास भी करता है। दरअसल, अंजीर में फास्फोरस भी होता है और यही तत्व हड्डियों का विकास करता है।
 

10 सोयाबीन
सोयाबीन में दूध के बराबर ही कैल्शियम होता है इसलिए इसे दूध के सब्स्टीट्यूट के तौर पर भी इस्तेमाल किया जाता है। जो लोग दूध नहीं पीते अगर वो रोजाना सोयाबीन का सेवन करें तो उनकी हड्डियां कमजोर नहीं होंगी।

Punjab Kesari