Eco Friendly Holi: घर पर बनाएं 10 नेचुरल कलर्स, नहीं होगा कोई Side-Effect

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2019 - 06:09 PM (IST)

होली यानि रंगों का त्योहार आने में बस 2 दिन ही बाकी हैं और हर कोई इसकी तैयारी में जुटा है। यहां हर तरफ होली मनाने की खुशी है वहीं इसमें इस्तेमाल होने वाले रंगोें को लेकर चिंता भी है क्योंकि कैमिकल्स युक्त कलर ना सिर्फ त्वचा व बालों बल्कि सेहत को भी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में आप मार्कीट में मिलने वाली कैमिकल्स युक्त कलर की बजाए घर परही प्राकृतिक रंग बनाकर होली खेल सकते हैं। इससे आप बेफ्रिक होकर होली का मजा भी ले पाएंगे और आपके पैसों की भी बचत होगी।

 

ऐसे बनाएं होली के सूखे रंग

होली के लिए सूखे हर्बल रंगों का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो चावल का आटा लेकर इसमें अपनी पसंद से खाने का रंग और 2 चम्मच पानी डालकर  मिक्स कर लें। इसको धूप में सूखने दें और बाद में पीस लें। होली के लिए हर्बल कलर बन जाएगा।

प्राकृतिक गीले रंगों से खेले होली


जामुनी रंग

घर में जामुनी रंग बनाने के लिए चुंकदर का इस्तेमाल करें। सबसे पहले चुकंदर को अच्छे से धो कर पीस लें। अब इसको छानकर पानी में मिलाकर रख दें। कुछ समय के बाद पानी जामुनी रंग का हो जाएगा। इस रंग का इस्तेमाल होली खेलने के लिए किया जा सकता है।

केसरिया रंग

केसरिया रंग के लिए पलाश या टेसू के फूलों का उपयोग करें। सबसे पहले फूलों को अच्छी तरह से सुखा लें। अब इसमें चिकना आटा मिलाएं। इसके बाद इसमें केसर की कुछ पत्तिया डालकर पेस्ट बनाएं। इस तरह कुछ ही समय में घर में ऑर्गेनिक केसरिया रंग तैयार हो जाएगा।

पीला रंग

हल्दी और बेसन को मिलाकर आप पीला रंग तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आप जितनी हल्दी लें, उसकी दोगुनी मात्रा में बेसन मिलाएं। इससे आप होली भी खेल पाएं और त्वचा में निखार भी आ जाएगा। इसके अलावा आप फूलों से भी पीला रंग बना सकते हैं। इसके लिए गेंदे या अमलताश के फूल को पानी में उबालकर रात भर छोड़ दें और सुबह उससे होली खेलें। 

लाल रंग

लाल रंग के लिए आप लांल चंदन पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए के लिए 2 चम्मच चंदन पाउडर को एक लीटर पानी में मिलाकर उबाल लें। फिर इसमें जरूरतअनुसार पानी मिलाकर होली खेलें। लाल गुलाल की जगह आप चाहें तो लाल चंदन पाउडर में गुड़हल के फूल को सुखाकर व पीसकर मिलाएं। इससे गुलाल और भी लाल और खुशबूदार हो जाएगा।

गुलाबी रंग

कचनार के फूल को भी रात भर पानी में भिगो दें। सुबह तक इसका रंग गुलाबी व केसरिया हो जाएगा और फिर आप इसे होली के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

भूरा रंग

वैसे तो कत्था पान खाने में प्रयोग किया जाता है, पर आप इसे पानी में मिलाकर भूरा रंग बनाने मे भी इसतेमाल कर सकते हैं।

हरा रंग

आप मेहंदी से होली के लिए हरा रंग तैयार कर सकते हैं। इसके लिए मेहंदी में थोड़ा-सा आटा अच्छी तरह मिक्स करें। ध्यान रहे कि आपकी मेंहदी में आंवला न मिला हो।

काला रंग

काला रंग बनाने के लिए अंगूर का जूस निकाल लें। इस जूस को पानी में मिला लें। इस तरह काले अंगूरो से काला रंग आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसके अलावा अाप एक लोहे के बर्तन में पानी में आंवले को भिगों कर काला रंग बना सकते हैं।

नारंगी रंग

नारंगी रंग बनाने के लिए 12 सबसे पहले प्याज लें। अब इनको आधा लीटर पानी में उबाल लें। अब पानी को ठंड़ा होने के लिए छोड़ दें। इस तरह नारंगी रंग तैयरा किया जा सकता है। इसके अलावा टेसू के फूलों को रात भर पानी में भिगो कर रखने से पीला-नारंगी रंग बनाया जा सकता है।

नीला रंग

नीले रंग के लिए नील के पौधों पर निकलने वाली फलियों को पीस लें और पानी में उबालकर मिला लें। इसीतरह नीले गुड़हल के फूलों को सुखाकर पीसने से भी आप नीला रंग तैयार कर सकते हैं।

Content Writer

Anjali Rajput