Budget 2026: इतिहास रचेंगी निर्मला सीतारमण, लगातार 9वीं बार पेश करेंगी बजट
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 10:17 AM (IST)
नारी डेस्क : केंद्रीय बजट 2026 भारत के संसदीय इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार, 1 फरवरी 2026, को संसद में अपना लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करेंगी। इसके साथ ही वह ऐसा करने वाली भारत की पहली महिला वित्त मंत्री बन जाएंगी। यह उपलब्धि न केवल उनके लंबे और स्थिर कार्यकाल को दर्शाती है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उन पर जताए गए भरोसे का भी प्रतीक मानी जा रही है। इसी के साथ निर्मला सीतारमण लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाली वित्त मंत्रियों की सूची में भी शीर्ष पर पहुंच जाएंगी।
मई 2019 से अब तक क्यों खास रहा निर्मला सीतारमण का कार्यकाल?
निर्मला सीतारमण ने 31 मई 2019 को वित्त मंत्रालय की कमान संभाली थी। तब से अब तक उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को कई असाधारण और चुनौतीपूर्ण दौरों से निकाला है। कोविड-19 महामारी जैसी वैश्विक आपदा, अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक तनाव, सप्लाई-चेन संकट और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत को दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है।
आंकड़ों से आगे, कार्यशैली के लिए भी जानी जाती हैं
निर्मला सीतारमण केवल बजट आंकड़ों तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने परंपरागत ब्रीफकेस की जगह स्वदेशी ‘बहीखाता’ (लाल कपड़े में लिपटा टैबलेट) अपनाकर एक नई परंपरा शुरू की। इसके अलावा, उनके नाम सबसे लंबा बजट भाषण देने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। वर्ष 2020 में उन्होंने करीब 2 घंटे 40 मिनट का बजट भाषण दिया था।
Record Budget: 6 साल 8 महीने का कार्यकाल, ऐतिहासिक मुकाम
31 जनवरी 2026 तक निर्मला सीतारमण वित्त मंत्री के रूप में 6 साल 8 महीने का कार्यकाल पूरा कर चुकी होंगी। 1 फरवरी को बजट पेश करते ही वह लगातार नौ बार बजट प्रस्तुत करने वाली पहली महिला वित्त मंत्री बन जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि संसद में लगातार नौवीं बार बजट पेश करना भारत के संसदीय इतिहास के लिए गर्व का विषय है।
यें भी पढ़ें : Budget 2026 से पहले सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, जानें Budget से पहले के दाम
पहले के दिग्गज वित्त मंत्रियों से कैसे अलग है यह रिकॉर्ड?
भारत के इतिहास में कई दिग्गज नेता वित्त मंत्री रहे हैं, लेकिन निरंतरता के मामले में निर्मला सीतारमण का रिकॉर्ड उन्हें अलग बनाता है।
मोरारजी देसाई: मोरारजी देसाई ने कुल 10 बार बजट पेश किया, लेकिन लगातार नहीं
पी. चिदंबरम: पी. चिदंबरम ने 9 बार बजट पेश किया, पर अलग-अलग कार्यकालों में
सी. डी. देशमुख: सी. डी. देशमुख करीब 6 साल 2 महीने वित्त मंत्री रहे
मनमोहन सिंह: मनमोहन सिंह 1990 से 1996 तक करीब 5 साल वित्त मंत्री रहे
प्रणब मुखर्जी, अरुण जेटली, वाई. बी. चव्हाण और यशवंत सिन्हा ने भी लंबे कार्यकाल निभाए, लेकिन कोई भी लगातार नौ बजट पेश नहीं कर सका
स्वतंत्र भारत के पहले वित्त मंत्री आर. के. शन्मुखम चेट्टी ने देश की आर्थिक नींव रखी थी, लेकिन निरंतरता के इस रिकॉर्ड तक कोई नहीं पहुंच पाया।
यें भी पढ़ें : रोज सुबह भीगी अजवाइन खाएं, 30 दिन में दिखेंगे सेहत से जुड़े 10 जबरदस्त फायदे
Budget 2026 से भी बड़ी है यह उपलब्धि
हालांकि देश की निगाहें बजट 2026 की घोषणाओं पर टिकी होंगी, लेकिन उससे पहले ही निर्मला सीतारमण का यह रिकॉर्ड भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था के इतिहास में एक मील का पत्थर बन चुका है। लगातार नौ बार बजट पेश करना न केवल अनुभव और स्थिरता का प्रतीक है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सरकार ने आर्थिक नीति के मोर्चे पर उन पर कितना भरोसा जताया है। बजट 2026 जहां देश की आर्थिक दिशा तय करेगा, वहीं निर्मला सीतारमण का यह ऐतिहासिक क्षण भारत के संसदीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो जाएगा।

