डाइनिंग एरिया के नए ट्रेंड्स जो बदल देंगे आपके घर का लुक

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 07:53 PM (IST)

क्या आप जानते हैं कि आपका डाइनिंग एरिया सिर्फ खाना खाने की जगह नहीं, बल्कि आपके घर की खूबसूरती को बढ़ाने वाला एक खास स्थान हो सकता है? यह वह जगह है जहां परिवार एक साथ बैठता है, बातचीत करता है और यादगार पल बिताता है। फिर भी अक्सर लोग लिविंग रूम और बेडरूम की सजावट पर तो खूब ध्यान देते हैं, लेकिन डाइनिंग एरिया को साधारण छोड़ देते हैं। अगर सही आर्टवर्क, आकर्षक लाइटिंग और कुछ रचनात्मक सजावट का उपयोग किया जाए, तो डाइनिंग स्पेस घर का सबसे सुंदर और जीवंत कोना बन सकता है।
 PunjabKesari
डाइनिंग एरिया को कैसे बनाएं अधिक आकर्षक?


 टेबल को बनाएं आकर्षण का केंद्र: डाइनिंग एरिया की किसी एक दीवार को फोकल पॉइंट बनाया जा सकता है। इसके लिए बड़ी पेंटिंग, मेटल आर्ट, टेक्सचर्ड पैनल, रेसिन आर्ट या हैंडमेड वॉल डेकोर का उपयोग किया जा सकता है। प्रकृति, भारतीय कला या एब्स्ट्रैक्ट आर्ट पर आधारित सजावट इस स्थान को एक अलग पहचान देती है।

सही लाइटिंग से बदलें पूरा माहौल: डाइनिंग टेबल के ऊपर आकर्षक पेंडेंट लाइट, झूमर या क्लस्टर लाइट्स लगाकर पूरे क्षेत्र की सुंदरता को कई गुना बढ़ाया जा सकता है। आजकल वार्म लाइटिंग और स्कल्प्चरल लाइट फिक्स्चर काफी लोकप्रिय हैं। यदि संभव हो तो डिमेबल लाइट्स का उपयोग करें, जिससे अवसर के अनुसार रोशनी को कम या अधिक किया जा सके।

टेबल सेंटरपीस को बनाएं खास: अक्सर लोग डाइनिंग टेबल पर केवल फलों की टोकरी रख देते हैं, लेकिन थोड़ी रचनात्मकता से इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है। डाइनिंग टेबल केवल भोजन परोसने के लिए नहीं होती। टेबल के बीच में एक सुंदर ट्रे रखकर उसमें ताजे फूल, मोमबत्तियाँ, मिट्टी के कलात्मक बर्तन, लकड़ी की ट्रे या संगमरमर की सजावटी वस्तुएँ आजकल काफी पसंद की जा रही हैं।

कुर्सियों में करें नया प्रयोग: अब एक जैसे डाइनिंग सेट का चलन धीरे-धीरे कम हो रहा है। वर्तमान ट्रेंड में अलग-अलग डिजाइन या रंगों की कुर्सियों का उपयोग किया जा रहा है। उदाहरण के लिए, दो लकड़ी की कुर्सियां, दो अपहोल्स्टर्ड कुर्सियां या एक अलग रंग की एक्सेंट चेयर डाइनिंग एरिया को आधुनिक और आकर्षक बनाती है। इस स्टाइल को “एक्लेक्टिक लुक” कहा जाता है, जो आजकल अंतरराष्ट्रीय डिज़ाइन ट्रेंड का हिस्सा है।

PunjabKesari
छोटी एक्सेसरीज, बड़ा असर

डाइनिंग एरिया की खूबसूरती बढ़ाने में छोटी-छोटी चीजों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। टेबल रनर, हैंडमेड प्लेसमैट्स, नैपकिन रिंग्स और सुंदर क्रॉकरी स्पेस को व्यवस्थित और आकर्षक बनाते हैं। लेकिन सजावट करते समय हमेशा “लेस इज़ मोर” का सिद्धांत याद रखें। बहुत अधिक सामान रखने से जगह भरी हुई लग सकती है।

PunjabKesari
दर्पण का करें स्मार्ट उपयोग

यदि डाइनिंग एरिया आकार में छोटा है, तो एक बड़ा सजावटी दर्पण लगाना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इससे स्थान अधिक विशाल, खुला और रोशन दिखाई देता है।

PunjabKesari
वर्तमान समय में क्या है ट्रेंडिंग?

फ्लूटेड और रिब्ड फिनिश: लकड़ी, ग्लास और मेटल में फ्लूटेड टेक्सचर वाले फर्नीचर और बैक पैनल आजकल काफी लोकप्रिय हैं। यह साधारण डिज़ाइन को भी प्रीमियम लुक प्रदान करते हैं।

 गोल और ओवल डाइनिंग टेबल: चौकोर टेबल की जगह गोल और ओवल टेबल तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। ये न केवल देखने में आकर्षक लगती हैं बल्कि परिवार के सदस्यों के बीच बेहतर संवाद और अपनापन भी बढ़ाती हैं।

प्राकृतिक सामग्री का उपयोग: वुड, स्टोन, रतन, बांस और मिट्टी जैसी प्राकृतिक सामग्री आज के इंटीरियर डिज़ाइन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी हैं। ये घर में गर्माहट, सादगी और प्रकृति का एहसास लाती हैं।

मिक्स एंड मैच फर्नीचर: आजकल एक जैसे कुर्सी-टेबल सेट की बजाय अलग-अलग डिज़ाइन और रंगों की कुर्सियों का संयोजन पसंद किया जा रहा है। यह डाइनिंग एरिया को आधुनिक और रचनात्मक रूप देता है।

मिनिमल लेकिन लक्ज़री लुक: साफ-सुथरी रेखाएं, सीमित सजावट और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग वर्तमान समय का सबसे लोकप्रिय डिज़ाइन ट्रेंड है, जिसे “क्वाइट लक्ज़री” कहा जाता है।

आर्ट और फंक्शन का संतुलन: डिज़ाइनर शेल्विंग, कलात्मक क्रॉकरी डिस्प्ले और मल्टीफंक्शनल फर्नीचर ऐसे ट्रेंड हैं जो सुंदरता के साथ-साथ उपयोगिता भी प्रदान करते हैं।

PunjabKesari

रंगों का चयन भी है महत्वपूर्ण

डाइनिंग एरिया के लिए बेज, ऑफ-व्हाइट, टेराकोटा, ऑलिव ग्रीन, वार्म ग्रे और सॉफ्ट ब्राउन जैसे रंग वर्तमान समय में काफी लोकप्रिय हैं। ये रंग भोजन के समय आरामदायक, स्वागतपूर्ण और शांत वातावरण तैयार करते हैं। डाइनिंग एरिया की खूबसूरती केवल महंगे फर्नीचर पर निर्भर नहीं करती। सही लाइटिंग, आकर्षक सजावट, संतुलित रंग और प्रकृति से जुड़ी छोटी-छोटी चीज़ें भी इसे खास बना सकती हैं। यदि इसे सोच-समझकर सजाया जाए, तो यह घर का सबसे पसंदीदा कोना बन सकता है, जहाँ भोजन के साथ-साथ परिवार का प्यार और अपनापन भी महसूस होता है।


लेखक: रक्षा सेठी | इंटीरियर डिज़ाइनर एवं वास्तु कन्सल्टेंट, इंदौर
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static