दूध पीने के बाद न खाएं ये चीजें, फायदे की जगह सेहत को होगा नुकसान

punjabkesari.in Tuesday, Apr 02, 2024 - 02:44 PM (IST)

दूध का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व जैसे सोडियम, पौटेशियम, फाइबर, कैल्शियम, प्रोटीन और आयरन मौजूद होता है। इसका सेवन करने से हड्डियां तो मजबूत होती हैं इसके अलावा पाचन भी स्वस्थ रहता है। दूध पीने से शरीर की कमजोरी दूर होती है और शरीर को ताकत मिलती है। लेकिन कुछ लोग दूध पीने के बाद कुछ ऐसी चीजें खा लेते हैं जिनसे उनके स्वास्थ्य को नुकसान हो सकता है। दूध पीने के बाद कुछ चीजों का सेवन करने से पेट में गड़बड़ हो सकती है। दूध के साथ नमक या दही खाने से अपच, गैस जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। ऐसे में आज आपको इस आर्टिकल के जरिए बताते हैं कि दूध पीने के बाद क्या नहीं खाना चाहिए। 

तरबूज 

अक्सर तरबूज खाने के बाद पानी पीने से मना किया जाता है, क्योंकि तरबूज में काफी ज्यादा मात्रा में पानी मौजूद होता है। ऐसे में इसके बाद पानी का सेवन करने से डिहाइड्रेशन हो सकती है। पानी के अलावा दूध का सेवन भी तरबूज खाने के बाद नहीं करना चाहिए। इससे शरीर में विषाक्त पदार्थ पैदा होते हैं जिसके कारण शरीर को नुकसान हो सकता है। तरबूज के बाद दूध पीने से उल्टी, डायरिया और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। 

नमक

दूध पीने के बाद नमक से बने खाद्य पदार्थों का सेवन भी नहीं करना चाहिए। इससे शरीर में एलर्जी हो सकती है और पाचन तंत्र भी खराब हो सकता है। इसके अलावा दूध के बाद नमक खाने से शरीर में दाद, खुजली और रैशेज जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। 

नॉनवेज 

दूध पीने के बाद नॉनवेज भी नहीं खाना चाहिए। नॉनवेज की तासीर गर्म होती है वहीं दूध की तासीर ठंडी होती है। ऐसे में दूध पीने के बाद नॉनवेज खाने से पेट खराब और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा खुजली और रैशेज जैसी परेशानियों का सामना भी इसके कारण करना पड़ सकता है। 

दही 

दही का सेवन भी दूध पीने के बाद नहीं करना चाहिए। दही ठंडा होता है ऐसे में दूध के बाद इसका सेवन करने से शरीर में पोषक तत्व अवशोषित नहीं हो पाते जिससे शरीर को फायदा नहीं होता। इसके अलावा दूध और दही दो ऐसे डेयरी प्रोडक्ट्स हैं जिनका एक साथ सेवन नहीं करना चाहिए।

नींबू पानी 

नींबू पानी भी दूध पीने के बाद नहीं करना चाहिए। इससे पेट में गैस, अपच और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।  इसके अलावा दूध के बाद नींबू पानी पीने से मितली और उल्टी की समस्या भी बढ़ती है। नींबू में विटामिन-सी मौजूद होता है ऐसे में दूध पीने के बाद इसका सेवन नहीं करना चाहिए।

खट्टे फल 

खट्टे फलों का सेवन दूध पीने के बाद करने से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसके कारण पाचन तंत्र खराब, पेट में गैस, एसिडिटी और कब्ज की परेशानी भी हो सकती है। दूध पीने के बाद खट्टे फल खाने से शरीर को कैल्शियम नहीं मिलता क्योंकि खट्टे फल पोषक तत्वों का अवशोषण कर लेते हैं ऐसे में इनका सेवन दूध पीने के बाद करना शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है।  

 

Content Writer

palak