जाने- माने Astrologer की अपनी ही बिगड़ गई ''कुंडली'', मिली 58 अश्लील वीडियो और रेप का भी आरोप
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 09:21 AM (IST)
नारी डेस्क: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक महिला IPS अधिकारी तेजस्विनी सतपुते की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। यह SIT बाबा "कैप्टन" अशोक खरात पर लगे कथित सीरियल रेप, यौन शोषण और ब्लैकमेल के मामलों की जांच करेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व वाले राज्य गृह विभाग द्वारा लिए गए इस फैसले के अनुसार, SIT अब अशोक खरात के खिलाफ दर्ज तीन अलग-अलग मामलों की संयुक्त रूप से जांच करेगी, क्योंकि यह मुद्दा अब एक बड़ा राजनीतिक विवाद बन गया है।
अश्लील वीडियो वायरल
नासिक ग्रामीण के वावी पुलिस स्टेशन में एक अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, अहिल्यानगर जिले के शिरडी पुलिस स्टेशन में एक पीड़िता की अश्लील तस्वीरें वायरल करने का मामला भी दर्ज किया गया है। नासिक के रहने वाले और खुद को बाबा कहने वाले "कैप्टन" अशोक खरात को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह बड़े राजनीतिक नेताओं के भविष्य की भविष्यवाणी करने का दावा करता था। उसके खिलाफ एक पीड़िता को ब्लैकमेल करने और एक अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया गया है।
SIT करेगी जांच
चूंकि इन तीनों अपराधों में गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, इसलिए राज्य पुलिस मुख्यालय ने एक SIT गठित करने का फैसला किया। SIT को सभी संबंधित दस्तावेज, केस डायरी और उपलब्ध सबूत तत्काल सौंपने के आदेश दिए गए हैं। जांच की प्रगति पर नियमित रिपोर्ट महाराष्ट्र पुलिस मुख्यालय को सौंपने के निर्देश भी दिए गए हैं।तेजस्विनी सतपुते के नेतृत्व वाली SIT को निर्देश दिया गया है कि वह अशोक खरात से जब्त पेन ड्राइव में मिले 58 वीडियो की गहन जांच करे। इसके अलावा, अन्य संभावित महिला पीड़ितों, अशोक खरात द्वारा नियंत्रित 'श्री शिवनिका संस्थान ट्रस्ट' से जुड़े लेन-देन, और अन्य सभी राजनीतिक-धार्मिक संपर्कों की भी जांच करने का आदेश दिया गया है।
अशोक खरात से मशहूर हस्तियां भी लेती थी सलाह
इस फैसले से "कैप्टन" अशोक खरात मामले में जल्द ही बड़े खुलासे होने की संभावना बढ़ गई है। अशोक खरात, जो सिन्नर तालुका के मिरगांव स्थित 'श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट' के अध्यक्ष हैं, मर्चेंट नेवी के एक सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उन्हें एक न्यूमरोलॉजिस्ट (अंकशास्त्री) और कॉस्मोलॉजी (ब्रह्मांड विज्ञान) विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता था। खबरों के अनुसार, खरात के कई राजनेताओं, उद्योगपतियों और मशहूर हस्तियों के साथ संबंध होने की बात कही जाती है, इनमें से कई लोग कथित तौर पर विभिन्न मामलों पर उनसे सलाह लेते थे। नाशिक क्राइम ब्रांच की यूनिट 1 की एक टीम ने मिरगांव स्थित खरात के फार्महाउस पर छापा मारा, और इस छापेमारी के दौरान उन्होंने हथियारों का जखीरा तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। मिरगांव स्थित उनके फार्महाउस की तलाशी के दौरान, पुलिस को एक पिस्तौल और कुछ जिंदा कारतूस मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस घर से जब्त की गई पिस्तौल और कारतूसों के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।

