अनोखा है ये मंदिर, जहां शिवलिंग के पीछे दिखती है इंसानी परछाई!

punjabkesari.in Saturday, Dec 27, 2025 - 01:05 PM (IST)

नारी डेस्क : भारत में आस्था और रहस्यों से जुड़े कई ऐसे मंदिर हैं, जो आज भी विज्ञान के लिए चुनौती बने हुए हैं। कहीं मंदिर के कपाट बंद होने के बाद देखने पर रोक है, तो कहीं भगवान स्वयं प्रकट होने की मान्यताएं हैं। इन्हीं रहस्यमयी स्थलों में से एक है तेलंगाना का छाया सोमेश्वर मंदिर, जहां भगवान शिव के शिवलिंग के पीछे इंसानी आकृति जैसी परछाई दिखाई देती है। यह परछाई न सिर्फ श्रद्धालुओं को हैरान करती है, बल्कि वैज्ञानिक भी इसके रहस्य को पूरी तरह सुलझा नहीं पाए हैं।

कहां स्थित है छाया सोमेश्वर मंदिर?

तेलंगाना के नालगोंडा जिले के पनागल गांव में स्थित यह प्राचीन मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। इसे सोमेश्वर मंदिर के नाम से जाना जाता है। दूर-दूर से भक्त यहां भगवान शिव के दर्शन के साथ-साथ गर्भगृह में दिखाई देने वाली रहस्यमयी परछाई को देखने आते हैं।

PunjabKesari

शिवलिंग के पीछे दिखती है इंसानी परछाई

मंदिर के गर्भगृह में स्थापित शिवलिंग के ठीक पीछे दीवार पर मनुष्य की आकृति जैसी एक रहस्यमयी परछाई साफ दिखाई देती है। यह परछाई पूरी तरह स्थिर रहती है, न तो कभी हिलती है और न ही अपना आकार बदलती है। दिन के अलग-अलग समय में भी इसका रूप लगभग एक जैसा बना रहता है, जो इसे और भी हैरान करने वाला बनाता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गर्भगृह में ऐसी कोई वस्तु मौजूद नहीं है, जिसके कारण यह परछाई बन सके, इसी वजह से यह दृश्य आज भी आस्था और विज्ञान दोनों के लिए रहस्य बना हुआ है।

यें भी पढ़ें : सूखी हुई तुलसी को हरा-भरा कैसे करें? सर्दियों में पानी डालने से पहले मिट्टी में डालें ये सफेद चीज

आस्था या वास्तुकला का चमत्कार?

विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों का मानना है कि यह परछाई मंदिर की हजार साल पुरानी उन्नत वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण हो सकती है। माना जाता है कि गर्भगृह के सामने मौजूद कई स्तंभ इस तरह बनाए गए हैं कि सूर्य का प्रकाश दिनभर एक खास कोण से भीतर प्रवेश करता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह परछाई किसी एक स्तंभ की नहीं, बल्कि कई स्तंभों की संयुक्त छाया से बनी एक आकृति हो सकती है। हालांकि अब तक इस सिद्धांत की पूरी तरह पुष्टि नहीं हो पाई है, जिससे यह रहस्य और भी गहरा हो जाता है।

PunjabKesari

1000 साल पुराना है मंदिर

इतिहासकारों के अनुसार, इस मंदिर का निर्माण 11वीं शताब्दी में इक्ष्वाकु वंश के कुंदुरु चोडा शासकों द्वारा कराया गया था। मंदिर की दीवारों और मूर्तियों में उस समय की बेहतरीन शिल्पकला साफ झलकती है। मंदिर परिसर में भगवान शिव के साथ-साथ भगवान विष्णु और सूर्य देव की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं, जो इसे धार्मिक दृष्टि से और भी विशेष बनाती हैं।

यें भी पढ़ें : क्या सुबह-शाम की पूजा के बाद हर पेड़ के पास दीया जलाना चाहिए? जानें यहां

गोपुरम की अनोखी बनावट

मंदिर का गोपुरम यानी मुख्य द्वार भी अपनी अनोखी बनावट के लिए जाना जाता है। गोपुरम पर आठों दिशाओं के देवताओं की सुंदर आकृतियां उकेरी गई हैं, जो दिशाओं की रक्षा का प्रतीक मानी जाती हैं। इसके साथ ही भगवान शिव को नटराज रूप में नृत्य करते हुए दर्शाया गया है, जो सृष्टि के निर्माण, संरक्षण और संहार का संदेश देता है। यह शिल्पकला उस दौर की गहरी धार्मिक आस्था और उच्च कोटि की कलात्मक सोच को साफ तौर पर दर्शाती है।

PunjabKesari

चंद्रमा से जुड़ी है पौराणिक कथा

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस स्थान का संबंध चंद्र देव से है। कहा जाता है कि चंद्रमा ने यहीं भगवान शिव की कठोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव स्वयं यहां प्रकट हुए थे, जिसके कारण इस मंदिर को विशेष आध्यात्मिक महत्व प्राप्त है।

यें भी पढ़ें : लेट Pregnancy का है प्लान तो पहले जान लें ये कड़वा सच!

आस्था और विज्ञान का अनोखा संगम

छाया सोमेश्वर मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है, बल्कि यह विज्ञान और अध्यात्म के अद्भुत मेल का प्रतीक भी है। शिवलिंग के पीछे दिखाई देने वाली रहस्यमयी परछाई आज भी लोगों के लिए जिज्ञासा का विषय बनी हुई है और यही कारण है कि यह मंदिर सदियों बाद भी उतना ही आकर्षक और रहस्यमय बना हुआ है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static