कम नहीं हो रही कंगना और रंगोली की मुश्किलें, मुंबई पुलिस ने तीसरी बार भेजा समन

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2020 - 02:47 PM (IST)

बाॅलीवुड की बेबाक एक्ट्रेस कंगना रनौत देश के मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती हैं। जिसके चलते वह अक्सर चर्चा में बनी रहती हैं। वहीं इन दिनों वह अपने भाई की शादी में बिजी थी। सोशल मीडिया पर अपनी लुक से कहर ढाने वाली कंगना अब एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। कंगना इस समय हिमाचल में अपने परिवार के साथ समय बिता रही है। जहां उन्हें और उनकी बहन रंगोली को मुंबई पुलिस ने तीसरी बार समन भेजा है। 

दो बार समन भेजने के बाद भी नहीं हुई हाजिर

इससे पहले कंगना और रंगोली को मुंबई पुलिस की तरफ से पूछताछ के लिए दो बार समन भेजा जा चुका है। लेकिन पुलिस स्टेशन में दोनों पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुई जिस वजह से तीसरी बार समन भेजा गया। मुंबई पुलिस ने कंगना और रंगोली को अक्तूबर महीने में समन भेज कर 10 नवंबर को पेश होने के लिए कहा था। लेकिन दोनों बहनें पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन नहीं पहुंची। इसका कारण उन्होंने भाई की शादी को बताया था। 

दोनों के खिलाफ हुई थी एफआईआर दर्ज

तीसरी बार भेजे गए समन में कंगना और रंगोली को 23-24 नवंबर को हाजिर होने के लिए कहा गया है। आपको बता दें बांद्रा मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश पर दोनों बहनों के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्थानीय कोर्ट के आदेश पर कंगना और रंगोली के खिलाफ 17 अक्तूबर को एफआईआर दर्ज की थी। 

गौरतलब है कि कंगना और रंगोली के खिलाफ सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और कलाकारों को हिंदू-मुस्लमान में बांटने का आरोप लगा था। जिसके बाद उनके खिलाफ पुलिस ने 124 ए समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। वहीं अगर बात करें कंगना के वर्कफ्रंट की तो वह जल्द ही फिल्म 'थलाइवी' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में कंगना तमिलनाडु की पूर्व सीएम जयललिता का किरदार निभाती दिखाई देंगी।

Content Writer

Bhawna sharma