मूसेवाला के जाने का गम बर्दाश्त नहीं कर पाया फैन, फिनाइल पीकर की सुसाइड की कोशिश

punjabkesari.in Wednesday, Jun 01, 2022 - 03:40 PM (IST)

किसी अपने को खोने का गम क्या होता है वो  मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मां से पूछो, जिन्होंने हाल ही में अपने बेटे को खोया है। मूसेवाला के यूं अचानक चले जाने से परिवार के साथ- साथ उनके फैन भी बेहद दुखी हैं। मूसेवाला के जाने का सदमा एक फैन को ऐसा लगा कि उसने खुद को खत्म करने की ही कोशिश कर डाली। बताया जा रहा है कि अभी वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।


यह घटना है पंजाब के मोहाली जिले की, जहां साढ़े 17 साल के अवतार सिंह ने फिनाइल पीकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद उसे तुरंत फेज-6  सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अवतार सिंह मूसेवाला का बहुत बड़ा फैन था वह अकसर उसी के गाने सुना करता था। मूसेवाला हत्याकांड के बाद वह  गुमसुम सा हो गया था।

परिवार वालों को कहना है कि पिछले दो दिन से वह न तो ढंग से खाना खा रहा था और न ही नॉर्मल बिहेव कर रहा था। जब मूसेवाला का अंतिम संस्कार किया जा रहा था तभी  अवतार न घर में पड़ी फिनाइल पीकर सुसाइड की कोशिश की, घर वाले तुरंत उसे अस्पताल ले गए। बताया ताे यह भी जा रहा है कि युवक ने जब खुदकुशी कि उस समय उसने मूसेवाला की ही  टी-शर्ट पहन रखी थी। 

 इस युवक ने 10वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी. उसके माता-पिता दिहाड़ी का काम करते हैं। बता दें कि मूसेवाला (28) की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। अपने पसंदीदा गायक की अंतिम झलक पाने के लिए पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ समेत अनेक जगहों से बड़ी संख्या में लोग आये थे। मूसेवाला को दूल्हे की तरह सजाया गया था। मां ने उनके बाल संवारे तो पिता ने उनके सिर पर सेहरा के साथ लाल रंग की पगड़ी बांधी।

मूसेवाला की अंतिम यात्रा के लिए उनके पसंदीदा ट्रैक्टर को फूलों से सजाया गया और इस पर मूसेवाला को उनके परिवार के एक खेत तक अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इसी ट्रैक्टर पर मूसेवाला ने अपने अनेक गानों की शूटिंग की थी। चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच भी लोग मूसेवाला की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और इस दौरान उनके माता-पिता हाथ जोड़कर ट्रैक्टर पर खड़े थे। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने बड़ी संख्या में गमगीन लोगों को देखकर अपनी पगड़ी तक उतार दी थी। 
 

Content Writer

vasudha