Monsoon ट्रिप का लें मजा : न होगी बाढ़ की फिक्र, इन जगहों पर घूमने का करें plan
punjabkesari.in Friday, Sep 05, 2025 - 05:44 PM (IST)

नारी डेस्क : बरसात का मौसम ट्रैवलिंग के लिए सबसे खूबसूरत समय माना जाता है। इस दौरान हरियाली, झरनों की आवाज और बादलों का साथ किसी भी यात्रा को यादगार बना देता है। अगर आप सोच रहे हैं कि इस मॉनसून कहां घूमा जाए जहां बाढ़ या डूबने का डर न हो, तो भारत की ये जगहें आपके लिए परफेक्ट हैं।
मुन्नार (केरल)
मुन्नार दक्षिण भारत का बेहद मशहूर हिल स्टेशन है, जो अपनी हरी-भरी चाय की वादियों, पहाड़ों पर छाए बादलों और खूबसूरत वॉटरफॉल्स के लिए जाना जाता है। मॉनसून के मौसम में यहां की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है और यह जगह नेचर लवर्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं लगती। यहां घूमते हुए आप एराविकुलम नेशनल पार्क में वाइल्डलाइफ का मजा ले सकते हैं, मैट्टुपेट्टी डैम पर शानदार नजारे देख सकते हैं और टी म्यूजियम में चाय बनाने की दिलचस्प प्रोसेस को समझ सकते हैं।
लोनावला (महाराष्ट्र)
मुंबई और पुणे के बीच बसा लोनावला मॉनसून का सबसे लोकप्रिय वीकेंड गेटअवे है। बारिश के मौसम में यहां की हरी-भरी घाटियां, झरने और बादलों से घिरी वादियां बेहद खूबसूरत नजारे पेश करती हैं। यहां का भुशी डैम, टाइगर पॉइंट और राजमाची फोर्ट मॉनसून में टूरिस्ट्स की पहली पसंद रहते हैं। अगर आप फैमिली या दोस्तों के साथ छोटा ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो लोनावला आपके लिए बेस्ट है।
माउंट आबू (राजस्थान)
रेगिस्तान की धरती पर बसा माउंट आबू राजस्थान का इकलौता हिल स्टेशन है। मॉनसून में यहां का मौसम ठंडा और सुहाना हो जाता है, जो इसे घूमने के लिए परफेक्ट बना देता है। नक्की झील में बोटिंग करने का अनुभव और गुरु शिखर से आसपास के नजारे देखने का मजा इस मौसम में दोगुना हो जाता है। इसके अलावा, यहां का दिलवाड़ा जैन मंदिर भी अपनी खूबसूरत नक्काशी के लिए देखने लायक है।
कूर्ग (कर्नाटक)
भारत का स्कॉटलैंड कहे जाने वाले कूर्ग की खूबसूरती मॉनसून में देखते ही बनती है। यहां की कॉफी प्लांटेशन, झरने और बादलों से ढके पहाड़ रोमांटिक नज़ारा पेश करते हैं। इस मौसम में एबी फॉल्स, राजा की सीट और तलाकावेरी घूमने वालों को खास आकर्षित करते हैं। नेचर और एडवेंचर दोनों का मजा लेने वालों के लिए कूर्ग एक शानदार डेस्टिनेशन है।
शिलॉन्ग (मेघालय)
उत्तर-पूर्व का मोती कहे जाने वाला शिलॉन्ग बरसात में किसी स्वर्ग से कम नहीं लगता। यहां लगातार बारिश होती है, लेकिन खास बात यह है कि यहां बाढ़ का खतरा नहीं रहता। इस वजह से टूरिस्ट्स आराम से घूम-फिर सकते हैं। यहां के एलीफेंट फॉल्स, उमियम लेक और डॉन बॉस्को म्यूजियम बरसात में बेहद खूबसूरत दिखते हैं। हरे-भरे पहाड़ और बादलों का खेल यहां के नज़ारे को और खास बना देता है।
मसूरी (उत्तराखंड)
क्वीन ऑफ हिल्स मसूरी मॉनसून सीजन में अपनी खास खूबसूरती के लिए जानी जाती है। यहां की ठंडी फुहारें, हरियाली और झरनों की गूंज एक अलग ही ताजगी का एहसास कराती हैं। इस मौसम में केम्प्टी फॉल, गन हिल और लाल टिब्बा घूमने के लिए सबसे पसंदीदा जगहें हैं। बादलों के बीच चाय की चुस्की लेने का अनुभव आपकी ट्रिप को और भी यादगार बना देगा।
वायनाड (केरल)
केरल का वायनाड अपने घने जंगलों, झरनों और रोमांचक ट्रैकिंग ट्रेल्स के लिए मशहूर है। मॉनसून में यह जगह और भी खूबसूरत हो जाती है। यहां घूमने वालों के लिए एडक्कल गुफाएं, पुक्कोट झील और मीणमुट्टी फॉल्स शानदार अनुभव देते हैं। नेचर और एडवेंचर दोनों का आनंद लेने के लिए वायनाड एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है।
अगर आप इस मॉनसून ट्रिप की सोच रहे हैं तो इन जगहों पर जरूर जाएं। यहां न सिर्फ नेचर का असली आनंद मिलेगा, बल्कि बाढ़ या डूबने का डर भी नहीं रहेगा। हरियाली, झरनों और बादलों के बीच बिताए गए ये पल जिंदगी भर याद रह जाएंगे।