लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में प्राचीन ने तोड़ी चुप्पी, बोले- जल्द असली कहानी बताऊंगा

punjabkesari.in Monday, Jul 05, 2021 - 04:47 PM (IST)

बीते कुछ दिनों पहले फेमस टीवी सीरियल 'कसौटी जिंदगी की' से छोटे पर्दे पर डेब्यू करने वाले एक्टर प्राचीन चौहान पर छेड़छाड़ का आरोप लगा था। 22 साल की पीड़िता की शिकायत के बाद एक्टर को मुंबई के मलाड ईस्ट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि एक्टर को बाद में इस मामले में बेल मिल गई थी। वहीं अब जमानत मिलने के बाद प्राचीन ने खुद पर लगे छेड़छाड़ के आरोपों को गलत बताया है। साथ ही एक्टर ने इस मामले में अपनी सफाई भी दी है। 

प्राचीन चौहान ने कहा, 'इस घटना के बारे में मैं कोई बात नहीं करना चाहता क्योंकि मैं बर्बाद हो गया हूं। इस मामले पर कोई भी बात करने से पहले मुझे अपने वकील से बात करनी पड़ेगी। मैं इतना ही कह सकता हूं कि मुझ पर लगाए गए आरोप झूठे हैं। मैं जल्द ही ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी करके असली कहानी बताऊंगा।' 

बता दें पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने एक्टर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 342, 323, 506 (2) के तहत केस दर्ज किया था। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। टीवी इंडस्ट्री से ऐसा तीसरा मामला सामने आया है। इससे पहले करण मेहरा, पर्ल वी पुरी भी जेल की हवा खा चुके हैं। 

एक्टर पर्ल वी पुरी पर नाबालिग से रेप का आरोप लगा था। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर 14 दिनों न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हालांकि उससे पहले ही एक्टर को बेल मिल गई थी। वहीं करण मेहरा पर उनकी पत्नी निशा रावल ने मारपीट का आरोप लगाया था। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। जिसके बाद उन्होंने पत्नी निशा रावल पर गंभीर आरोप लगाए थे।

Content Writer

Bhawna sharma