श्वेता तिवारी को अपशब्द कहने वाले तक 3 दिन में पहुंची MNS, मंगवाई लिखित माफी
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 11:01 AM (IST)
नारी डेस्क: टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आवाज उठाई थी। अब इस मामले में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की ओर से कार्रवाई सामने आई है। पार्टी के सदस्यों ने महज तीन दिनों में उस शख्स का पता लगा लिया, जिसने श्वेता को अपशब्द कहे थे। इसके बाद उससे लिखित में माफी भी मंगवाई गई और उसका फोन नंबर श्वेता के साथ साझा किया गया।
सोशल मीडिया पर शेयर किए थे गाली-गलौज वाले मैसेज
श्वेता तिवारी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर महिलाओं के साथ होने वाली बदसलूकी के खिलाफ खुलकर अपनी बात रख रही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ मैसेज और कमेंट्स के स्क्रीनशॉट शेयर किए थे। इन पोस्ट में उनके लिए बेहद आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। श्वेता ने इन लोगों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी शेयर किए थे, ताकि इस तरह की ऑनलाइन बदसलूकी करने वालों की पहचान सामने आ सके। मामला तब ज्यादा चर्चा में आया, जब एक्ट्रेस ने सवाल उठाया कि खुद को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे का समर्थक बताने वाले लोग महिलाओं के साथ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।

MNS ने साफ किया- आरोपी पार्टी का सदस्य नहीं
श्वेता की पोस्ट सामने आने के बाद MNS की ओर से भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी गई। पार्टी की सदस्य स्नेहल अडारकर ने एक्ट्रेस से संपर्क किया और मामले को लेकर उनसे बात की। श्वेता के मुताबिक, स्नेहल अडारकर ने उन्हें स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने उनके साथ सोशल मीडिया पर बदसलूकी की, उनका MNS या राज ठाकरे से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि उनकी टीम आरोपी तक पहुंचने की कोशिश करेगी। स्नेहल ने इस कार्रवाई के लिए श्वेता से कुछ दिनों का समय भी मांगा था।
ये भी पढ़ें: Cancer के बाद बढ़ी Chhavi Mittal की परेशानी, शरीर में दिखे कई Side Effects
तीन दिन में आरोपी तक पहुंची MNS की टीम
मामले में खास बात यह रही कि MNS की टीम को आरोपी तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। महज तीन दिनों के भीतर श्वेता को आरोपी का फोन नंबर और उसकी ओर से लिखी गई माफी की चिट्ठी मिल गई। MNS की टीम के अनुसार, आरोपी को संभाजी नगर से मुंबई और फिर वसई तक ट्रेस किया गया। इसके बाद उससे लिखित में माफी मंगवाई गई और इसकी जानकारी श्वेता तिवारी को दी गई। इस कार्रवाई के बाद श्वेता ने MNS प्रमुख राज ठाकरे और स्नेहल अडारकर का धन्यवाद किया।

श्वेता बोलीं- सिर्फ एक-दो लोगों पर कार्रवाई से समस्या खत्म नहीं होगी
हालांकि, इस पूरे मामले के बाद भी श्वेता तिवारी ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के साथ होने वाली बदसलूकी को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। उनका कहना है कि सिर्फ एक-दो लोगों को पकड़ लेने से यह समस्या खत्म नहीं होने वाली। एक्ट्रेस ने कहा कि असली समस्या उस सोच की है, जिसके चलते कुछ लोग सोशल मीडिया पर महिलाओं को बिना सोचे-समझे गालियां देते हैं और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उनके मुताबिक, यह सिर्फ एक व्यक्ति या एक घटना का मामला नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर बढ़ती ऐसी मानसिकता को रोकने की जरूरत है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ठोस कदम की उम्मीद
श्वेता ने महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन गाली-गलौज को लेकर एक पोस्ट भी शेयर किया। उन्होंने इसे बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ इस तरह की भाषा अब हद से आगे बढ़ती जा रही है। एक्ट्रेस ने उम्मीद जताई कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और टेक्नोलॉजी कंपनियां इस समस्या को गंभीरता से लेंगी और ऑनलाइन उत्पीड़न रोकने के लिए कोई ठोस और प्रभावी समाधान निकालेंगी। श्वेता के लिए यह मामला सिर्फ उन्हें अपशब्द कहने वाले एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है। वह इसे सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ बढ़ती अभद्रता और अपमान की बड़ी समस्या के तौर पर देख रही हैं।

