Milk Saree ट्रेंड हो रहा पॉपुलर, जानें क्या है खास और क्यों पसंद कर रही हैं महिलाएं
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 01:25 PM (IST)
नारी डेस्क: भारतीय महिलाओं की बात हो और साड़ी का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। साड़ी हमेशा से महिलाओं की पसंदीदा Traditional Dress रही है। हां, समय के साथ इसके रंग, डिजाइन और पहनने का तरीका जरूर बदलता रहता है। कभी चटख रंगों वाली साड़ियां फैशन में रहती हैं तो कभी पेस्टल शेड्स महिलाओं की पहली पसंद बन जाते हैं। अब फैशन की दुनिया में एक नया ट्रेंड तेजी से पसंद किया जा रहा है, जिसे ‘मिल्क साड़ी’ कहा जा रहा है। नाम सुनकर अगर आपको लग रहा है कि यह दूध से बने किसी खास कपड़े की साड़ी है, तो ऐसा नहीं है। दरअसल, मिल्क साड़ी किसी खास फैब्रिक का नाम नहीं बल्कि एक सॉफ्ट और न्यूट्रल कलर टोन को कहा जा रहा है। यह शेड देखने में बेहद सटल, एलिगेंट और खूबसूरत लगता है। यही वजह है कि आम महिलाओं से लेकर एक्ट्रेसेस तक इस तरह के शेड्स को अपने लुक का हिस्सा बना रही हैं।
क्या है ‘मिल्क साड़ी’ ट्रेंड
मिल्क साड़ी का रंग न तो बिल्कुल सफेद होता है और न ही पूरी तरह क्रीम। यह दोनों के बीच का एक बेहद हल्का और सॉफ्ट ऑफ-व्हाइट शेड होता है, जो दूध के हल्के मलाईदार रंग से मिलता-जुलता दिखाई देता है। कई साड़ियों में यह शेड पर्ल जैसा लुक भी देता है। इस रंग की सबसे खास बात यह है कि यह बहुत ज्यादा चमकीला या भड़कीला नहीं लगता। इसलिए अगर आप किसी शादी, पार्टी या खास मौके पर साड़ी में सॉफ्ट और एलिगेंट लुक चाहती हैं, तो यह ट्रेंड आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। कई डिजाइनर्स इस शेड के साथ हल्के और थोड़े डार्क टोन का कॉम्बिनेशन भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे साड़ी का पूरा लुक और ज्यादा खूबसूरत नजर आता है।

इन फैब्रिक्स में ज्यादा खूबसूरत लगती है मिल्क साड़ी
मिल्क साड़ी का असली आकर्षण उसके सॉफ्ट कलर के साथ-साथ फैब्रिक में भी देखने को मिलता है। इस तरह के शेड में ऐसी साड़ियां ज्यादा पसंद की जा रही हैं, जो पहनने पर हल्की और फ्लोई नजर आएं। इसके लिए मलमल, ऑर्गेंजा, टिश्यू सिल्क, शिफॉन, चंदेरी और जॉर्जेट जैसे फैब्रिक्स काफी पसंद किए जाते हैं। इन कपड़ों की खासियत है कि ये साड़ी को अच्छा फ्लो देते हैं और हल्के रंग को और ज्यादा ग्रेसफुल बना देते हैं। इन साड़ियों को हैवी ज्वेलरी के साथ पहनें तो रॉयल लुक मिलता है, वहीं मिनिमल ज्वेलरी के साथ यह काफी सटल और मॉडर्न नजर आती है।
ये भी पढ़ें: कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर फिदा हुए Salman Khan, बोले- ‘कमाल कर दिया पायलट जी’
एक्ट्रेसेस भी कर रही हैं ट्रेंड फॉलो
मिल्क साड़ी या इससे मिलते-जुलते आइवरी और ऑफ-व्हाइट शेड्स को बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के बीच भी काफी पसंद किया जा रहा है। आलिया भट्ट भी ऐसे ही एक लुक में नजर आ चुकी हैं। आलिया ने आइवरी शेड की चिकनकारी साड़ी पहनी थी। सॉफ्ट कलर की इस साड़ी में उनका लुक काफी खूबसूरत और एलिगेंट दिखाई दिया। उन्होंने अपने लुक को हैवी नेकलेस, मांग टीका, हाथ फूल और स्टड्स के साथ पूरा किया था। मेकअप की बात करें तो उन्होंने पिंक टोन को चुना, जिससे पूरा लुक सॉफ्ट और बैलेंस्ड नजर आया। यही वजह है कि उनका यह लुक सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद किया गया।

क्या सच में दूध से बनता है फैब्रिक
अब मिल्क साड़ी के नाम से जुड़ी एक और दिलचस्प बात भी जान लीजिए। फैशन इंडस्ट्री में दूध से फैब्रिक बनाने का प्रयोग भी किया गया है। हालांकि इसका मिल्क साड़ी के कलर ट्रेंड से सीधा संबंध नहीं है। आजकल फैशन में कई तरह के नए प्रयोग हो रहे हैं। एलोवेरा और बांस जैसे प्राकृतिक स्रोतों से फैब्रिक तैयार करने के साथ-साथ दूध से भी फाइबर बनाने की तकनीक सामने आई है। जर्मनी की कंपनी Qmilk ने खराब हो चुके दूध से फाइबर बनाने की तकनीक विकसित की है। इसका मकसद ऐसे दूध का इस्तेमाल करना है, जो इंसानों के खाने के काम नहीं आ सकता, ताकि वह बेकार न जाए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 1 लीटर दूध से लगभग 10 ग्राम फाइबर तैयार किया जा सकता है। फाइबर की कम मात्रा और इसे तैयार करने की प्रक्रिया की वजह से इससे बने कपड़े सामान्य कपड़ों की तुलना में काफी महंगे हो सकते हैं। तो कुल मिलाकर, ‘मिल्क साड़ी’ नाम सुनने में भले ही दूध से जुड़ा लगे, लेकिन फैशन ट्रेंड में इसका मतलब एक सॉफ्ट, न्यूट्रल और मिल्की ऑफ-व्हाइट शेड से है। यह रंग बिना ज्यादा तामझाम के भी साड़ी को खूबसूरत और रॉयल लुक दे सकता है, शायद यही वजह है कि इन दिनों इसका क्रेज बढ़ता जा रहा है।

