मीका के बंगले में किया उनकी मैनेजर 'सौम्या खान' ने सुसाइड

punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2020 - 06:45 PM (IST)

सिंगर मीका सिंह किसी ना किसी कारणों से सुर्खियों में छाए रहते हैं। एक बार फिर वह चर्चा में है लेकिन इस बार की वजह उनकी मैनेजर सौम्या खान है। सौम्या ने मुंबई के अंधेरी इलाके में कथित तौर पर नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। सौम्या के शव को अंतिम संस्कार के लिए पंजाब में रहते उनके परिवार के लोगों को सौंप दिया गया था। जहां उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

इस बात की जानकारी मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को दी। हालांकि सौम्या खान ने आत्‍महत्‍या क्यों की इसकी वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। सौम्या ने ना ही कोई सुसाइड नोट छोड़ा है। लेकिन पुलिस अपनी छानबीन में लगी हुई हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी साजिश की आशंका नजर नहीं आ रही। इस लिए पुलिस ने इस केस को दुर्घटनावश मौत का मामला बताकर दर्ज किया है।

मुंबई के वर्सोवा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक ने बताया कि सौम्या खान, सिंगर मीका सिंह के अंधेरी इलाके में स्थित चार मंजिला बंगले की पहली मंजिल के स्टूडियो में रहती थी। उन्होंने बताया कि घटना 2 फरवरी 2020 की है। सौम्‍या खान की मौत के बारे में उनके पति जोएब खान और मीका सिंह ने अपने इंस्‍टाग्राम पर पोस्‍ट के जरिए बताया है।

मीका ने अपनी मैनेजर सौम्‍या खान की मौत पर दुख जताते हुए इंस्‍टाग्राम पर पोस्‍ट कर लिखा, 'वाहेगुरु का खालसा वाहेगुरु जी की फतेह। ये बताते हुए मुझे बहुत दुख हो रहा है कि हमारी प्‍यारी सौम्‍या खान हम सभी का साथ छोड़ दूसरी दुनिया में जा चुकी है। बहुत ही कम उम्र में सौम्या अपने पीछे कई प्‍यारी यादें छोड़ गई है। भगवान उसकी आत्‍मा को शांति दे।' बता दें कि सौम्या खान के माता-पिता नहीं हैं। उनके दादा-दादी है जो पंजाब में ही रहते हैं।

Content Writer

Sunita Rajput