मिलिए IRS अफसर अमनप्रीत से जो बनी गरीब महिलाओं का सहारा

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2020 - 05:19 PM (IST)

आपने अक्षय कुमार की पैडमैन मूवी तो देखी होगी जिसमें पैडमैन का किरदार निभाकर अक्षय, महिलाओं की माहवारी समस्याओं का हल व जागरुकता फैलाते हैं तो चलिए आज आपको पैड वुमन से मिलाते हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं पंजाब की IRS अफसर अमनप्रीत की जो अब गरीब महिलाओं का सहारा बन गई हैं। बस उनकी इसी पहल के चलते उन्हें पैड वुमन का नाम मिला है।

पंजाब की IRS अफसर अमनप्रीत बनी गरीब महिलाओं का सहारा

पंजाब की आइआरएस अफसर अमनप्रीत गरीब महिलाओं को सेनेटरी पैड बांटती हैं और बड़ी बात तो यह है कि अब तक वह 12 लाख  के करीब सेनेटरी पैड बांट चुकी हैं। ऐसा भी समय था जब एक दिन में करीब 350 महिलाएं मेरे घर पर पैड्स लेने आने लगी थीं।

चलिए जानते हैं आखिर उन्हें ये प्ररेणा मिली कहां से ...

लुधियाना के बाड़ेवाल में जन्मी अमनप्रीत को पिता व मां दोनों से ही यह काम करने की प्ररेणा मिली। दरअसल, अमनप्रीत की मां जेल सुपरिंटेंडेंट थीं। अकसर घर पर महिला कैदियों के बारे में बात चलती तो वह हमेशा कहती थीं कि लोग राशन व अन्य सामान तो भेज देते हैं लेकिन सेनेटरी पैड्स का प्रबंध नहीं हो पा रहा है। बस अपनी मां परमजीत कौर की जुबानी सुनकर 2010 बैच की आइआरएस (इंडियन रेवेन्यू सर्विसिस) अधिकारी अमनप्रीत कौर ने इस पीड़ा को दूर करने की ठानी।

मां और पिता दोनों से मिली प्ररेणा

वह कहती हैं, ' पिता जी ने मां की मदद के लिए मुझे प्रोत्साहित किया। बाद में मुझे एहसास हुआ कि यह समस्या सिर्फ जेल में रहती महिला कैदियों की नहीं, बल्कि समाज की 50 फीसद महिलाओं की है। महिला कैदियों के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी मुफ्त सेनेटरी पैड्स बांटने शुरू किए।'

बता दें कि अमनप्रीत दिल्ली में ज्वाइंट इनकम टैक्स अफसर के तौर पर सेवाएं दे रहीं हैं।उन्होंने संगिनी सहेली नाम से ट्रस्ट बनाया है, जिसमें कई महिला अधिकारी हैं।

जब अफसर बनी तो अपनी बैच की महिलाओं को साथ लेकर इस मुहिम को आगे बढ़ाया। अब वह पूरे उत्तर भारत में संगिनी सहेली ट्रस्ट की मदद से यह काम कर रही हैं। संगरूर में तैनात आइआरएस अफसर   गगन कुंद्रा थोरी और पोस्टल विभाग की अधिकारी आरती भी उनके साथ हैं। संगिनी सहेली ट्रस्ट की चेयरपर्सन प्रियल भारद्वाज हैं।  अमनप्रीत कौर बताती हैं कि उनके संगिनी सहेली ट्रस्ट का नेटवर्क राजस्थान, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात व पश्चिम बंगाल में है। ग्रुप में जितनी भी महिला अधिकारी शामिल हैं, वह ट्रांसफर होने पर अपने इलाके में नई यूनिट बनाकर इस काम को आगे बढ़ाती हैं।

सिर्फ पंजाब में बांटे 2 लाख से ज्यादा पैड्स 

कोरोना काल में इस ट्रस्ट ने सरकारी राशन के साथ महिलाओं को सेनेटरी पैड्स भी बांटे। सिर्फ पंजाब में ही 2 लाख से ज्यादा पैड्स बांटे गए। संगिनी सहेली ट्रस्ट प्रदेश की 14 महिला जेलों में बंद हजारों महिला कैदियों तक सेनेटरी पैड्स पहुंचा रहा है। अमनप्रीत अब जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और एडीजीपी जेल प्रवीन के. सिन्हा से बात कर वह लुधियाना महिला जेल में तिहाड़ जेल की तर्ज पर सेनेटरी पैड्स बनाने की मशीन लगाना चाहती हैं, ताकि महिलाओं को रोजगार भी मिल सके।

IRS अफसर अमनप्रीत जिन्होंने अपने साथ कई महिला अधिकारी जोड़ी ताकि बेसहारा गरीब महिलाओं को मदद मिल सके।  महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं। साथ ही अन्य महिलाओं के लिए प्ररेणा भी ताकि वह भी एक दूसरे की मदद के लिए आगे आएं। नारी इनके काबिल-ए-तारीफ काम को सलाम करती है।
 

Content Writer

Priya dhir