Tokyo Paralympics: भारतीय निशानेबाज मनीष नरवाल ने गोल्ड जीत रचा इतिहास

punjabkesari.in Saturday, Sep 04, 2021 - 12:10 PM (IST)

जापान में शुरू हुए टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा बरकरार है। अवनि लखेरा के शूटिंग में पहला गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारत के मनीष नरवाल ने भी मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएच1 निशानेबाजी में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है।

नरवाल ने पैरालंपिक का रिकॉर्ड बनाते हुए 218.2 स्कोर किया
 वहीं 39 वर्षीय सिंहराज सिंह अडाना ने रजत पदक हासिल किया।19 साल के नरवाल ने पैरालंपिक का रिकॉर्ड बनाते हुए 218.2 स्कोर किया तो वहीं अडाना ने 216.7 अंक बनाकर रजत पदक अपने नाम किया। दोनों निशानेबाज हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं। 

 भारत के पदकों की संख्या अब 15 हुई
बता दें कि इसी के साथ भारत के पदकों की संख्या अब 15 हो गई है। भारत ने अब तक तीन गोल्ड, सात सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं।  टोक्यो पैरालंपिक में निशानेबाजी में भारत का 5 पदक जीत चुका है।  बता दें कि यह पैरालंपिक के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले रियो पैरालंपिक (2016) में भारत ने 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीते थे।

इससे पहले 19 वर्षीय अवनि लेखरा ने एक गोल्ड और एक कांस्य पदक अपने नाम किया है। वहीं सिंहराज अडाना ने पैरालंपिक खेलों में 31 अगस्त को पी1 पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में कांस्य पदक जीता था।  अवनि की तरह ही सिंहराज भी टोक्यो पैरालंपिक में दो मेडल अपने नाम किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं
वहीं इस कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीष और सिंहराज को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि टोक्यो पैरालिंपिक से गौरवपूर्ण प्रदर्शन जारी है। युवा और बेहद प्रतिभावान मनीष नरवाल की शानदार उपलब्धि. उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है।उन्हें बधाई, आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं।

Content Writer

Anu Malhotra