अनोखा प्यार! दो लड़कियों पर आया लड़के का दिल, दोनों के साथ एक ही मंडप में रचा डाली शादी

punjabkesari.in Thursday, Jan 07, 2021 - 11:37 AM (IST)

प्यार कब हो जाए और किस मोड़ पर हमें अपना हमसफर मिल जाए इस बात से हम पूरी तरह से अनजान होते हैं। प्यार पर किसी का जोर नहीं होता। प्यार में जो कोई भी पड़ता है वह न ही धर्म देखता है, न ही जात देखता है और न ही समाज की बातें उसे बुरी लगती हैं। हम जिससे प्यार करते हैं उसके साथ शादी करने का सपना हर किसी का होता है लेकिन अगर आपको एक ही समय पर दो-दो व्यक्तियों के साथ प्रेम हो जाए तो? अब भई ऐसे प्यार को कुछ लोग गलत कहेंगे तो वहीं कुछ इसे सपोर्ट करेंगे लेकिन ऐसे समय में एक के साथ शादी करना मुश्किल हो जाता है। हाल ही में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां एक युवक को दो लड़कियों के साथ प्यार हुआ और उसने दोनों के साथ एक ही मंडप में शादी की। 

निमंत्रण पत्र पर लिखा दोनों का नाम 

यह मामाला छत्तीसगढ़ से सामने आया है। इसकी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में दूल्हा दो पत्नियों के साथ बैठा है। अब आप सोच रहे होंगे कि इस युवक ने शायद यह कदम परिवार से दूर रहकर भागकर उठाया लेकिन ऐसा नहीं है लड़के ने पूरे रीति रिवाजों के साथ शादी की और  बाकायदा शादी के निमंत्रण पत्र पर दोनों लड़कियों का नाम भी छपवाया। 

तीनों के परिवारों की मर्जी से हुई शादी 

यह शादी तीनों के परिवारों की रजामंदी के साथ हुई। यह शायद ऐसा पहली शादी होगी और इसे देखने के लिए लोगों में भी काफी उत्साह था। 

ऐसे शुरु हुई प्रेम कहानी 

दोनों लड़कियों से शादी करने वाले इस शख्स का नाम चंदू मौर्य है। जिसे हसीना बघेल और सुंदरी कश्यप से प्यार हो गया। चंदू दोनों के साथ रिलेशनशिप में रहा लेकिन इसी बीच सुंदरी गर्भवती हो गई। सुंदरी यह जानती थी कि चंदू हसीना से भी प्यार करता है। और दूसरी तरफ हसीना भी यह जानती थी कि चंदू सुंदरी के साथ रिलेशन में है। लेकिन इस बीच तीनों के परिवार वालों को यह पता लगा कि सुंदरी गर्भवती है। 

चंदू ने पूरी जी जान से परिवार को मनाया 

सुंदरी के गर्भवती होने पर परिवार वालों ने शादी का दबाव बनाया। चंदू ने तो दोनों लड़कियों के साथ शादी की इच्छा जताई और इसके बाद उसने परिवार वालों को मनाया।  चंदू के कहने पर परिवार वाले मान गए और फिर तीनों की शादी की तैयारियां की गई। हालांकि इस खबर पर लड़के और लड़की दोनों की तरफ से किसी भी तरह की पुष्टि नहीं हुई है। 

अग्नि को साक्षी मानकर दोनों के साथ लिए फेरे 

इसके बाद चंदू ने दोनों के साथ शादी की और अग्नि को साक्षी मानकर दोनों के साथ एक ही मंडप में सात फेरे लिए। इसके बाद उसने रिसेप्शन भी कि जिसमें भी तीनों एक साथ नजर आए। इतना ही नहीं खबरों की मानें तो शादी से पहले दोनों के बीच कांफ्रेंस कॉल के जरिए बातें हुआ करती थी। 

Content Writer

Janvi Bithal