Healthy Tea: जिम और डाइटिंग नहीं कर सकती तो सेब की इस खास ड्रिंक से घटाए वजन

punjabkesari.in Tuesday, Jan 11, 2022 - 10:05 AM (IST)

क्या आप भी अपने बढ़े हुए वजन को लेकर परेशान हैं? क्या पेट की चर्बी फिगर खराब कर रही है? जिम और डाइट करना आपके लिए मुश्किल है तो सेब की इस ड्रिंक को पीकर अपना वजन कम करें। सेब की चाय ना सिर्फ वजन घटाने में मददगार है बल्कि इससे पेट की समस्याएं भी काफी दूर रहती हैं। चलिए आज हम आपको बताते हैं सेब की चाय बनाने और इसे पीने का सही तरीका...

इसके लिए आपको चाहिए

सेब - 1
नींबू - 1
पानी - 1 गिलास
काला नमक - थोड़ा-सा
काली मिर्च - थोड़ा-सा
शहद - 1 चम्मच

ड्रिंक बनाने की रेसिपी

1. सबसे पहले दोनों चीजों को अच्छी तरह धो लें, ताकि उसपर जमा मिट्टी निकल जाए।
2. इसके बाद सेब को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। नींबू को भी छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। ध्यान रखें कि इनके बीजों को अलग कर लें।
3. अब 1 गिलास पानी में दोनों चीजों को धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक वो आधा ना रह जाए।
4. इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दोनों अच्छी तरह पक जाए।
5. जब ड्रिंक पक जाए तो इसे छानकर एक कप में निकाल लें। आप चाहे तो नींबू को साथ उबालने की बजाए बाद में भी इसका रस मिला सकते हैं।

दो तरह से कर सकते हैं सेवन

. अगर आपको मीठी चाय पसंद है तो इसमें 1 चम्मच शहद मिलाकर पीएं। ध्यान रखें कि शहद को सेब के साथ ना उबालें। ऐसा माना जाता है कि शहद उबालने पर जहर बन जाता है।
. वहीं, अगर आप नमकीन पीना चाहते हैं तो इसमें अपने स्वादानुसार नमक व काली मिर्च मिक्स कर लें।

कब पीएं सेब की चाय?

आप सुबह खाली पेट 1 कप सेब की चाय पी सकते हैं। नियमित इसका सेवन मेटाबॉलिज्म बढ़ाने के साथ वजन को कंट्रोल करने में भी मदद करेगा। इसके साथ ही रोज एक्सरसाइज व योग भी करें। साथ ही अच्छी डाइट लें।

क्यों फायदेमंद है सेब की चाय?

इम्यूनिटी बढ़ाए

सेब की चाय में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने में मदद करते हैं। इससे शरीर को कई प्रकार की बीमारियों और संक्रमणों से लड़ने में मदद मिलती है।

कब्ज दूर करे

सुबह सेब की चाय पीने से पाचन क्रिया में सुधार होता है, जिससे कब्ज से छुटकारा मिलता है। साथ ही इससे एसिडिटी जैसी समस्याएं भी दूर रहती हैं।

मजबूत हड्डियां

सेब की चाय में मैग्नीशियम, पोटेशियम, विटामिन सी और सोडियम होता है जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है।

दिल को रखे स्वस्थ

सेब की चाय के सक्रिय तत्व शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। इससे रक्तचाप कम होता है। वहीं, नियमित रूप से सेब की चाय पीने से दिल की बीमारियों का खतरा भी काफी कम हो जाता है।

आंखों की रोशनी बढ़ाए

सेब की चाय में मौजूद फ्लेवोनोइड्स एंटी-एजिंग समस्याओं को दूर रखने के साथ-साथ आंखों की रोशनी भी बढ़ाते हैं।

Content Writer

Anjali Rajput