Monica Bedi की लाइफ जर्नी:  डॉन के लिए ऐसी दिवानगी कि छोड़ दिया अपना देश, 5 साल खाई जेल की हवा

punjabkesari.in Wednesday, Jan 18, 2023 - 05:56 PM (IST)

जब-जब बॉलीवुड एक्ट्रेस मोनिका बेदी की चर्चा होती है तो तब- तब  अंडरवर्ल्ड और अबु सलेम का जिक्र जरूर होता है। भले ही वह अपनी पुरानी यादों को भूलकर आगे बढ़ गई है, लेकिन लोग आज भी उनसे जुड़े विवाद नहीं भूल पाए हैं। क्योंकि हर किसी के मन में यह सवाल जरूर है कि बॉलीवुड की इस खूबसूरत एक्ट्रेस की ऐसी क्या मजबूर थी कि उन्हें अंडरवर्ल्ड की दुनिया में जाना पड़ा।  चलिए आज बर्थडे के मौके पर मोनिका बेदी की जिंदगी के बारे में बताते हैं डिटेल से। 

18 जनवरी 1975 को पंजाबी फैमिली में जन्मी मोनिका ‘जोड़ी नंबर 1’, ‘ताज महल’, ‘लोह पुरुष’, ‘एक फूल तीन कांटे’, ‘काला सम्राज्य’ और ‘खिलौना’ जैसी कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। वह अपनी फिल्मों से ज्यादा दाऊद के दाहिने हाथ कहे जाने वाले अबू सलेम से प्यार के चलते चर्चा में रहीं। इसी प्यार के चलते उन्हें जेल तक जाना पड़ा था।  कहा तो यह भी जाता है कि अबु सलेम डायरेक्टर व प्रोड्यूसर को डरा-धमकाया कर मोनिका को फिल्में दिलवाया करते थे ताकि वह फेमस एक्ट्रेस बन जाए।


मोनिका ने साल 1998 में पहली दफा अबु सलेम से फोन पर बात की थी। जहां फोन पर उन्हें दुबई में एक स्टेज शो करने का ऑफर दिया गया था। स्टेज शो के दौरान अबु ने खुद को एक कारोबारी बताया था। फोन पर बातें करते-करते ही मोनिका को अबु पसंद आने लगे। पूरा दिन उनके फोन का इंतजार करती रहती थी। जब मोनिका दुबई से वापिस मुंबई आई तो उन्होंने अबु को अपने पास बुलाने की कोशिश की लेकिन अबु ने उन्हें ही दुबई में आकर बस जाने के लिए कहा।


 अबु ने मोनिका को फोन करके कहा था कि अगर मुंबई में रहोगी तो परेशानी में पड़ जाओगी। अबु के प्यार में पागल मोनिका दुबई चली गई। एक इंटरव्यू में मोनिका ने बताया था कि अबु को दुनिया कैसे भी जानती हो, लेकिन मैं जब तक उसके साथ रही, वो मेरे लिए एक आम इंसान की तरह था। वह मेरे साथ अच्छे से पेश आता था और जरूरतमंदों की मदद करता था।'


खबरों के मुताबिक, दुबई में मोनिका-अबु ने शादी भी कर ली थी मगर मोनिका ने हमेशा इस बात को नकारा लेकिन अबु सलेम ने बताया था कि मोनिका से उसकी शादी साल 2000 में लॉस एंजेल्स के एक मस्जिद में हुई थी। गिरफ्तारी के बाद मोनिका करीब 5 साल भोपाल जेल में रही। कहा जाता था कि जिस जेल में मोनिका को रखा गया था वहां का जेलर मोनिका का दीवाना था। 


रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेलर  जेल में मोनिका के नहाने के लिए डव साबुन मंगाते थे। होटल से खाना ऑडर करते थे। इतना ही नहीं जेल में उनके लिए कॉस्मेटिक सामान भी आता था। मगर बवाल तब हुआ जब जेल में मोनिका बेदी की कुछ बाथरूम तस्वीरें सामने आई। कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने आरोप लगाया था कि मोनिका का एमएमएस बनाने के लिए पुरूषोत्तम ने बाथरूम में कैमरा लगवाया था।

 जेल से सजा काटने के बाद वह टीवी शो 'सरस्वती चंद्र' में नजर आई थी। मोनिका बेदी को साल 2008 में 'बिग बॉस' के दूसरे सीजन में हिस्सा लेने का मौका मिला था।  'बिग बॉस' के जरिए लोगों ने असली मोनिका को देखा और उसके बाद उनको लेकर लोगों की सोच बदली।मोनिका ने कई रियलिटी शोज़ में हिस्सा लिया और अपनी कमाई से उन्होंने मुंबई में अपने लिए एक घर भी खरीद लिया।

Content Writer

vasudha