Air India ने दिया डांस से जीवन बचाने का मंत्र, भरतनाट्यम और घूमर को देख सीखिए Flight Safety Rules

punjabkesari.in Wednesday, Feb 28, 2024 - 10:46 AM (IST)

मनुष्य आदि काल से अपने ह्रदय की भावनाओं को अनेक रूपों में व्यक्त करता आया है, उन्हीं में से एक रूप है नृत्य।  नृत्य के माध्यम से भाव, भंगिमा तथा अंग विन्यास के द्वारा किसी विषय अथवा किसी पौराणिक कहानी का चित्रण किया जाता है। इसी कारण टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन यानि एयर इंडिया ने लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए नृत्य का सहारा लिया है। अगर आपके भी मन में कई सवाल उठ रहे हैं तो ये पूरी खबर पढ़ लीजिए।


दरअसल  एयर इंडिया ने कुछ दिन पहले अपना नया इनफ्लाइट सेफ्टी वीडियो 'सेफ्टी मुद्रा' लॉन्च किया है जो बेहद ही पसंद किया जा रहा है। इस वीडियो में भारत के विभिन्न शास्त्रीय और लोक नृत्यों के माध्यम से भारत की समृद्ध संस्कृति को दर्शाया गया है। साथ ही फ्लाइट सेफ्टी की शिक्षा भी दी है। लोगों को जागरुक करने का ये तरीका काफी नया और शानदार है।

एयरलाइंस द्वारा जारी वीडियो में भरतनाट्यम, ओडिसी, कथकली, कथक, घूमर, बिहू और गिद्दा जैसे कई लोक नृत्यों को दिखाया गया है। इसमें  नृत्यांगना एयर पैसेंजर्स को सेफ्टी इंस्ट्रक्शन देती नजर आ रही है। इस वीडियो में दिखाए गए हर लोक नृत्य की 'मुद्रा' या हाथ के इशारों के उपयोग के साथ निर्देशों को दर्शाया गया है।  इस सेफ्टी वीडियो को McCann Worldgroup के प्रसून जोशी, शंकर महादेवन और भारतबाला ने मिल कर तैयार किया है। 


एयर इंडिया के सीईओ और एमडी कैंपबेल विल्सन ने कहा कि "देश के ध्वजवाहक और भारतीय कला और संस्कृति के लंबे समय से संरक्षक के रूप में एयर इंडिया को कलात्मक रूप में ये वीडियो पेश करने में खुशी हो रही है, जिसे भारत की समृद्ध संस्कृति को दिखाते हुए आवश्यक सुरक्षा निर्देश देने के लिए डिजाइन किया गया है।" दुनिया भर के यात्रियों के लिए विविधता। हमारे मेहमानों को यह इनफ्लाइट सेफ्टी वीडियो ज्यादा से ज्यादा जानकारी दे सकेगा।

Content Writer

vasudha